
हजारीबाग : बिहार के अपराधी हजारीबाग के चौपारण में होटल रुककर आपराधिक वारदात की योजना बना रहे थे। लेकिन पुलिस को भनक लग गई। पुलिस ने चौपारण थाना क्षेत्र के सियरकोनी स्थित मां गंगोत्री होटल में छापेमारी कर शुक्रवार को तीन संदिग्ध अपराधियों को गिरफ्तार किया है। जब्त मोबाइल फोन की तकनीकी जांच कर इनके संपर्क में रहे अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह के तार दूसरे राज्यों के आपराधिक नेटवर्क से भी जुड़े हो सकते हैं।
पुलिस के मुताबिक ये अपराधी अवैध हथियारों के साथ किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक रिवॉल्वर, तीन कारतूस, एक मारुति डिजायर कार, एक बुलेट बाइक तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बिहार के गया जिले के अक्षय यादव, प्रिंस कुमार और करण राज के रूप में हुई है।
चौपारण पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति होटल में ठहरे हुए हैं और किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना पर काम कर रहे हैं। एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से होटल को घेरकर तलाशी अभियान चलाया, जिसके दौरान तीनों को हथियार और अन्य सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
पहले से रहा आपराधिक रिकार्ड
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरफ्तार दो अपराधियों के खिलाफ बिहार के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास का सत्यापन कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि वे झारखंड किस उद्देश्य से आए थे एवं उनकी योजना का वास्तविक लक्ष्य क्या था। पुलिस ने बरामद रिवॉल्वर और कारतूस के स्रोत की भी जांच शुरू कर दी है।
चौपारण थाना में इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

