
चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कुमारडुंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत गांडकीदा गांव में गुरुवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने एक दंपती की कुल्हाड़ी (टांगी) से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल व्याप्त है।
मृतकों के सिर पर धारदार हथियार से वार के गहरे जख्म
मृतकों की पहचान गांडकीदा गांव के बिश्रामपुर टोला के निवासी 45 वर्षीय डोंका सिंकु और उनकी 40 वर्षीया पत्नी गोरवारी सिंकु के रूप में की गई है। दोनों के सिर पर धारदार हथियार से वार के गहरे जख्म पाए गए हैं।
तालाब के पास मिले शव
शुक्रवार सुबह जब गांव के कुछ लोग सरकारी तालाब की ओर गए, तो उन्होंने वहां बने नाले में दो लावारिस शव पड़े देखे। पास जाकर देखने पर उनकी पहचान डोंका सिंकु और गोरवारी सिंकु के रूप में हुई। इसकी जानकारी तुरंत गांव के मुंडा कमल किशोर हेम्ब्रम को दी गई, जिन्होंने बिना देरी किए स्थानीय पुलिस को सूचित किया।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही कुमारडुंगी थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसडीपीओ रफायल मुर्मू और पुलिस इंस्पेक्टर ने भी वारदात स्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए।
हत्या की वजह पर सस्पेंस
फिलहाल वारदात के कारणों का स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है। पुलिस आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर हर पहलू की जांच कर रही है। वहीं, गांव में चर्चा है कि यह जघन्य हत्याकांड अंधविश्वास (डायन-बिसाही) या फिर किसी पुराने संपत्ति-जमीन विवाद का नतीजा हो सकता है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से तहकीकात की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

