
गुमला : झारखंड के गुमला जिला अंतर्गत भरनो प्रखंड के मकरा गांव निवासी 35 वर्षीय नेत्रहीन युवक सनीका लोहरा की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। शुक्रवार को सुबह में हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया। इसके साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह ग्रामीणों और परिजनों ने गांव से कुछ दूर खावागढ़ा के समीप सड़क किनारे सनीका लोहरा का शव पड़ा देखा। इसके बाद तत्काल भरनो थाना को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतक के छोटे भाई संतोष लोहरा ने बताया कि सनीका लोहरा दृष्टिबाधित थे, जिसके कारण उन्हें देखने में काफी परेशानी होती थी। गुरुवार की रात वह भरनो से पैदल अपने गांव मकरा लौट रहा था। आशंका है कि इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जबकि सनीका की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
भरनो थाना की पुलिस ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान करने और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि घटना के संबंध में किसी के पास कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।

