
भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी व सह-प्रभारियों का प्रदेश कार्यालय में स्वागत-अभिनंदन, निवर्तमान संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह को दी गई विदाई
रांची : भाजपा के नवनियुक्त झारखंड प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल ने पार्टी कार्यकर्ताओं से 2029 के विधानसभा चुनाव में झारखंड में भाजपा की सरकार बनाने के संकल्प के साथ काम करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि सिर्फ कदम बढ़ाने की जरूरत है, 2029 में झारखंड फतह करने से कोई नहीं रोक सकता। जब भाजपा पश्चिम बंगाल, ओडिशा और दिल्ली में सरकार बना सकती है तो झारखंड में भी जीत हासिल की जा सकती है। पार्टी इस राज्य में पहले कई बार सरकार बना चुकी है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में सोमवार को नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल और सह-प्रभारी सौरभ सिंह एवं निवेदिता सिंह के स्वागत-अभिनंदन समारोह, प्रदेश पदाधिकारी बैठक तथा सेवा संकल्प अभियान की प्रदेश स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। इसी दौरान निवर्तमान संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह को विदाई दी गई।
जिला से मंडल स्तर तक करेंगे काम
प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि झारखंड भाजपा के लिए महत्वपूर्ण राज्य है। यहां कार्यकर्ताओं को जो दायित्व और जिम्मेदारी मिली है, उसका ईमानदारी से निर्वहन करना होगा। पार्टी अपनी खूबियों और कमियों की ईमानदारी से समीक्षा करेगी। काम केवल प्रदेश मुख्यालय तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जरूरत के अनुसार जिला, विधानसभा और मंडल स्तर तक जाकर संगठन की स्थिति को समझा जाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के आधार और विचारधारा पर खड़ी पार्टी है। कार्यकर्ताओं के पास कोई सुझाव हो तो वे उनसे और सह-प्रभारियों से सीधे साझा कर सकते हैं। झारखंड में पार्टी के कार्यकर्ता ही संगठन को मजबूत करेंगे और चुनाव जीतने का रास्ता तैयार करेंगे। उन्होंने कहा कि वे कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा उपलब्ध रहेंगे और सभी के साथ सहयोगी के रूप में काम करने आए हैं।
पटेल ने कहा कि यदि भाजपा कार्यकर्ता किसी लक्ष्य को हासिल करने का संकल्प ले लें तो कुछ भी असंभव नहीं है। पश्चिम बंगाल, ओडिशा और नई दिल्ली में सरकार बनाकर कार्यकर्ताओं ने इसे साबित किया है। उन्होंने कहा कि झारखंड वीरों और कर्म की भूमि है और यहां आकर उन्हें गर्व महसूस हो रहा है।
जनजातीय गौरव दिवस को भव्य बनाने का आह्वान
प्रदेश प्रभारी ने आगामी 15 नवंबर को आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव दिवस को भव्य रूप से मनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि झारखंड की धरती से पूरे देश के जनजातीय समाज में संदेश जाता है, इसलिए इस आयोजन को प्रभावी और व्यापक बनाया जाना चाहिए। उन्होंने सेवा ज्योति संकल्प यात्रा को भी कार्यकर्ताओं और समाज को प्रेरित करने वाला कार्यक्रम बताते हुए इसे पूरी गंभीरता से आयोजित करने को कहा।
बिरसा की जन्मस्थली से शुरू की जिम्मेदारी : आदित्य साहू
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारियों ने झारखंड में अपने कामकाज की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू जाकर पवित्र मिट्टी को नमन करके की है। उन्होंने इसे महत्वपूर्ण शुरुआत बताते हुए कहा कि इसकी जितनी प्रशंसा की जाए कम है।
साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रदेश में आयोजित कार्यक्रमों की अद्यतन जानकारी दी। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी के साथ जुटने का निर्देश दिया। उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में बेहतर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए नए और पुराने कार्यकर्ताओं के सहयोग से कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
उन्होंने आगामी 7 अक्टूबर के कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों के नामों की भी घोषणा की। प्रदेश अध्यक्ष ने प्रभारी और सह-प्रभारियों को भरोसा दिलाया कि केंद्र से मिले सभी कार्यक्रमों को झारखंड भाजपा के कार्यकर्ता गंभीरता से पूरा करते हैं और आगे भी करते रहेंगे।
बूथ मजबूत होगा तो चुनाव जीतेंगे : पवन साय
संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि संगठन का काम निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। संगठन विस्तार के तहत अभी कई कार्यक्रम चल रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ समाज के बीच जाकर काम करने को कहा।
उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि गांवों को सड़कों से जोड़ने, बिजली पहुंचाने, गरीबों को मुफ्त गैस कनेक्शन देने और आयुष्मान योजना के तहत पांच लाख रुपये तक के इलाज की व्यवस्था जैसे काम हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का सदस्य होना गौरव की बात है।
साय ने संगठन को मजबूत करने और चुनाव जीतने के लिए बूथ स्तर पर पकड़ मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बूथ मजबूत होगा तभी चुनाव में जीत हासिल की जा सकती है।
कर्मवीर सिंह को दी गई विदाई
निवर्तमान संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से जनता को पार्टी से जोड़ने का प्रयास किया गया है। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा बताते हुए उन्हें भव्य रूप से आयोजित करने का निर्देश दिया।
इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कर्मवीर सिंह को उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रदेश कार्यालय में हुआ भव्य स्वागत
इससे पहले भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल और सह-प्रभारियों सौरभ सिंह व निवेदिता सिंह का परंपरागत तरीके से भव्य स्वागत किया गया। प्रभारी और सह-प्रभारियों ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने किया।
कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, राष्ट्रीय मंत्री सह उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी प्रदीप वर्मा, केंद्रीय मंत्री संजय सेठ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश व रवींद्र राय, डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, पूर्व राज्यसभा सांसद समीर उरांव, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, बालमुकुंद सहाय, भानु प्रताप शाही, सुनील सोरेन, मुनेश्वर साहू, गीता कोड़ा, महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी, मनोज सिंह, प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा, शैलेंद्र सिंह, सरोज सिंह, सुनीता सिंह, अमरदीप यादव, कृष्णा महतो, मनीर उरांव, शालिनी बैसिखियार, दीपक बंका, हेमंत दास, सूरज चौरसिया, विकास प्रीतम, प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप, प्रमुख प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव समेत बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सह-प्रभारी सौरभ सिंह एवं निवेदिता सिंह के अलावा पार्टी के सांसद, विधायक, सभी जिलों के जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, पूर्व सांसद और पूर्व विधायक भी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में जुड़े।

