
देवघर : श्रावणी मेले में आने वाले लाखों शिवभक्तों की सेहत को ताक पर रखकर चंद पैसों के लालच में बड़ा खेल खेला जा रहा था। मिलावटखोर और मुनाफाखोर एक्सपायर्ड सामान श्रद्धालुओं को परोसने की फिराक में थे। हालांकि, समय रहते खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने इस बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। गुरुवार को शहर के अलग-अलग होटलों, रेस्टोरेंटों और गोदामों में चलाए गए छापेमारी अभियान के दौरान भारी मात्रा में खराब और एक्सपायर्ड राशन बरामद किया गया। जिला प्रशासन ने मेला शुरू होने से पूर्व ही सभी होटल-ढाबा व रेस्टोरेंट संचालकों को खाने में गुणवत्ता बनाए रखने की चेतावनी दी थी। इसके बाद भी कुछ व्यवसायी श्रद्धालुओं की भीड़ का गलत फायदा उठाने के लिए आतुर हैं।
10 टन आटा, 800 किलो बेसन और एक्सपायर्ड तेल सीज
खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में ऐसे धंधेबाजों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसमें एक निजी संस्थान के गोदाम से करीब 10 टन एक्सपायर्ड आटा, 800 किलो खराब बेसन और बड़ी मात्रा में फॉर्च्यून ब्रांड का एक्सपायर्ड रिफाइंड तेल जब्त किया गया। आशंका जताई जा रही है कि मेले की भारी भीड़ का फायदा उठाकर इस घटिया सामान से श्रद्धालुओं के लिए खाना तैयार किया जाना था।
भोजनालय में स्वच्छता का अभाव, थमाया नोटिस
कार्रवाई के दौरान टीम देवघर के एक भोजनालय पहुंची, तो वहां की रसोई में काफी गंदगी मिली। किचन की हालत बेहद दयनीय थी। विभाग ने तुरंत भोजनालय संचालक को कड़ी फटकार लगाते हुए नोटिस थमाया और व्यवस्था न सुधारने पर सील करने की चेतावनी दी है। वहीं, एक्सपायर्ड सामान रखने वाले व्यापारी पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2006 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन अलर्ट, नहीं बख्शे जाएंगे मिलावटखोर
श्रावणी मेले की शुरुआत के साथ ही इतनी बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड सामान का पकड़ा जाना यह साबित करता है कि कुछ कारोबारी चंद पैसों की खातिर श्रद्धालुओं की जिंदगी जोखिम में डालने से बाज नहीं आ रहे। खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि शहर में चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसा घटिया काम करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

