
रांची: राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) मुख्यालय के मुख्य महाप्रबंधक (तकनीकी) अमरेश कुमार मिश्रा ने शुक्रवार को NHAI रांची के क्षेत्रीय अधिकारी संतोष कुमार आर्य के साथ बिहार-झारखंड सीमा स्थित चोरदाहा से गोरहर तक राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) परियोजना का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और शेष कार्यों को तय समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को सुरक्षित डायवर्जन बनाए रखने, सड़क सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने, मेडियन की नियमित सफाई करने तथा मानसून के दौरान पौधारोपण एवं हरित विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
अमरेश कुमार मिश्रा ने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और विश्वस्तरीय सड़क सुविधा उपलब्ध कराना NHAI की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से परियोजना के सभी कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि NH-19 को जल्द पूरी क्षमता के साथ आम लोगों के लिए उपलब्ध कराया जा सके।

