
चाईबासा : जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा में गड़बड़ी और प्रश्नपत्र लीक के विरोध में गुरुवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा, पश्चिमी सिंहभूम ने मशाल जुलूस निकाला। यह कार्यक्रम भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश और भाजयुमो प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित किया गया। मशाल जुलूस पोस्ट ऑफिस चौक से शुरू होकर जैन मार्केट और काली मंदिर मार्ग होते हुए वापस पोस्ट ऑफिस चौक पर समाप्त हुआ।
छात्रों की मांगों की अनदेखी कर रही सरकार: भाजयुमो
इस मौके पर भाजयुमो जिला अध्यक्ष चंद्र मोहन तियू ने कहा कि बापू वाटिका और मोराबादी, रांची में झारखंड भर के हजारों छात्र कई दिनों से धरने पर बैठे हैं। वे सिर्फ अपने भविष्य की सुरक्षा, निष्पक्ष परीक्षा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई चाहते हैं, लेकिन राज्य सरकार उनकी बात सुनने को तैयार नहीं है।उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए वर्षों मेहनत करने वाले लाखों युवा, खासकर गरीब, ग्रामीण और आदिवासी छात्रों का भविष्य सरकार की लापरवाही की वजह से संकट में है। भाजयुमो ने स्पष्ट किया कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। राज्य सरकार को चाहिए कि जेपीएससी-जेएसएससी से जुड़े सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कराए, दोषियों को सजा दे और भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और भरोसेमंद बनाए। सरकार को आंदोलनकारियों को बदनाम करने की बजाय उनसे बात कर उनकी जायज मांगों को मानना चाहिए।
1 अगस्त को उपायुक्त कार्यालय घेराव
युवा मोर्चा ने ऐलान किया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर 1 अगस्त 2026 को जेपीएससी-जेएसएससी घोटाले के विरोध में छात्रों के गुस्से के समर्थन में पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया जाएगा और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। भाजयुमो ने सभी युवाओं से इस अभियान में लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से जुड़ने की अपील की।भाजयुमो ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्द छात्रों की मांगों पर सकारात्मक कदम नहीं उठाया तो पूरे राज्य में इस आंदोलन को और तेज किया जाएगा और युवाओं के हक की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ी जाएगी।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
जुलूस में पूर्व विधायक जवाहरलाल बानरा, भूषण पाट पिंगुवा, रमेश खिरवाल, सतीश पुरी, पवन शर्मा, रूपा सिंह दास, हेमंत केसरी, राकेश शर्मा बबलू, मुकेश कुमार लल्लू, विप्लव सिंह, प्रताप कटियार महतो, जगदीश निषाद, अक्षय खत्री, अमित सिंह, अंगद साव, अजय देवगम, डोली कर, संजय आखाड़ा, विष्णु मिंज, सुशील कुमार, मनोज आजाद, अभिषेक जयसवाल, पंकज सिंह, दुर्योधन पान, दीपक पोदार सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता शामिल हुए।


