
चाईबासा : 27वें विश्व दृष्टि दिवस के मौके पर रांची सदर अस्पताल के सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में चाईबासा सदर अस्पताल की नेत्र सर्जन डॉ. सलीम सोसेन टोपनो को सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान आंखों के इलाज के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य और मोतियाबिंद ऑपरेशन में शानदार प्रदर्शन के लिए दिया गया।
सफलतापूर्वक की गई कुल 552 आंखों की सर्जरी
जानकारी के अनुसार इस साल सदर अस्पताल चाईबासा के नेत्र विभाग ने कुल 552 आंखों की सर्जरी की है। इनमें 407 ऑपरेशन छोटी चीरा विधि एसआईसीएस से और 145 ऑपरेशन फेको विधि फेको से किए गए हैं।
मोतियाबिंद सर्जरी की श्रेष्ठ श्रेणी में पूरे राज्य में हासिल किया तीसरा स्थान
इस उपलब्धि के दम पर डॉ. टोपनो ने मोतियाबिंद सर्जरी की श्रेष्ठ श्रेणी में पूरे राज्य में तीसरा स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। यह सफलता पश्चिमी सिंहभूम में नेत्र चिकित्सा सेवा को बेहतर बनाने और मोतियाबिंद पीड़ित मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है।
जिला स्वास्थ्य विभाग में खुशी का माहौल
डॉ. टोपनो की इस उपलब्धि से जिला स्वास्थ्य विभाग में खुशी का माहौल है। यह सम्मान नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में उनके समर्पण और दक्षता को प्रोत्साहित करने वाला है।

