Seraikela : खरसावां शहीद स्थल पर एक जनवरी को आयोजित होने वाले शहीद दिवस कार्यक्रम को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पूर्व केंद्रीय मंत्री सहित कई मंत्री और विधायकों के संभावित आगमन को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने मंगलवार को संयुक्त रूप से कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने शहीद पार्क, पथ निर्माण विभाग (PWD) गेस्ट हाउस, अर्जुना स्टेडियम परिसर में निर्माणाधीन हेलीपैड समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का जायजा लिया। अधिकारियों ने गेस्ट हाउस एवं हेलीपैड से जुड़े लंबित निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश संबंधित कार्यदायी एजेंसियों को दिए।
कार्यक्रम के दौरान विधि–व्यवस्था संधारण, यातायात प्रबंधन और सुचारू परिचालन को लेकर भी बिंदुवार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभा स्थल पर समतलीकरण, पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था, शौचालय, जूता-चप्पल स्टैंड सहित सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाएं समय रहते सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही, आगमन एवं प्रस्थान मार्गों को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। ताकि, शहीद दिवस कार्यक्रम के दिन किसी तरह की अव्यवस्था न हो। सभी संबंधित पदाधिकारियों को साफ तौर से निर्देश दिया गया कि प्रत्येक कार्य तय समय में पूरा किया जाए। गौरतलब है कि खरसावां हाट बाजार में क्षेत्र के ओडिशा विलय के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए एकत्र हुए लोगों पर गोलियां चलाई गई थीं। एक जनवरी 1948 को हुए इस गोलीकांड में कई लोग शहीद हो गए थे। इसी को लेकर यह शहीद दिवस मनाया जाता है।
निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक आईटीडीए-सह-उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, डीआरडीए निदेशक अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, सिविल सर्जन डॉ. सरजू प्रसाद सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला, जिला परिवहन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

