Khunti : खूंटी जिले के तोरपा थाना अंतर्गत एनएचपीसी कॉलोनी में रविवार देर रात एक 18 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताते हैं कि युवक ने रात को शराब के नशे में पहले अपने मां-बात से झगड़ा किया। इसके बाद अपने कमरे में जाकर फांसी पर लटक गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक का नाम हेरमन मुंडू है। बताते हैं कि हेरमन अपने कमरे में गमछा के सहारे फंदा लगाकर झूल गया। सोमवार की सुबह घटना की सूचना मिलने के बाद तोरपा थाना के पुलिस अवर निरीक्षक अमरेंद्र कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और यह जानने की कोशिश की कि रात को क्या हुआ था। पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खूंटी भेज दिया गया है।
हेरमन मूल रूप से मुरहू थाना अंतर्गत ओसकेया गांव का निवासी था। वह करीब 10–12 साल से अपने पिता स्टीफन मुंडू और सौतेली मां के साथ कॉलोनी में रह रहा था। कॉलोनीवासियों के मुताबिक हेरमन शराब का आदी था और नशे में अक्सर अपने माता-पिता से झगड़ा करता था। रविवार की रात भी वह शराब पीकर घर आया था और बहस के कुछ देर बाद ही अपने कमरे में जाकर फांसी लगा ली। घटना के बाद हेरमन के माता-पिता घर छोड़ कर कहीं चले गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Read also Jamshedpur News : मानगो बनेगा नया पुलिस अनुमंडल, उच्चस्तरीय समिति ने दी स्वीकृति

