Kodarma : नगर विकास एवं पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू मंगलवार को कोडरमा पहुंचे। यहां उन्होंने एक प्रोग्राम में हिस्सा लिया और पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने सीएम हेमंत सोरेन के विदेश दौरे को झारखंड के विकास के लिए मील का पत्थर बताया।
मंत्री ने कहा कि दावोस समेत विभिन्न देशों के दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने विदेशी निवेशकों को झारखंड में निवेश के लिए आमंत्रित किया है। इस पहल का सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है और कई निवेशकों ने राज्य में औद्योगिक व बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में दिलचस्पी दिखाई है। कुछ महत्वपूर्ण परियोजनाओं को लेकर ठोस रणनीति भी तैयार की जा चुकी है। सीएम विदेश दौरे से मंगलवार की शाम तक रांची लौटेंगे।
भाजपा अपने 11 साल के शासन का दे हिसाब
भाजपा द्वारा विदेश दौरे पर उठाए जा रहे सवालों के जवाब में सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि विपक्ष को पहले अपने 11 साल के कार्यकाल का लेखा-जोखा जनता के सामने रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास और निवेश को लेकर गंभीर है और इसके परिणाम जल्द दिखाई देंगे।
नगर निकाय चुनाव से तेज होगी विकास की रफ्तार
नगर निकाय चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद सत्ता का विकेंद्रीकरण होगा। इससे स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों में तेजी आएगी और शहरों की अपनी सरकार बनने से योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन संभव होगा।
5 फरवरी को कोडरमा आएंगे सीएम
मंत्री ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री का संभावित कोडरमा दौरा 5 फरवरी को प्रस्तावित है। इसी को लेकर वे तैयारियों की समीक्षा करने पहुंचे हैं। सर्किट हाउस में उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह समेत अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया और कार्यक्रम को अंतिम रूप देने पर चर्चा की।

