कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां दुष्कर्म की शिकार एक नाबालिग लड़की की इलाज के दौरान मौत हो गई। 31 मई को हुए दुष्कर्म के बाद पीड़िता ने 3 जून को आत्महत्या की कोशिश की थी। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे रांची के रिम्स में भर्ती कराया गया, जहां बुधवार को उसकी मौत हो गई।

घटना का विवरण: आरोपी ने बहला-फुसलाकर किया दुष्कर्म
पीड़िता के पिता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि आरोपी छोटेलाल पांडेय 31 मई को उनके घर आया और उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर गौरी नदी के पास ले गया, जहां उसने रातभर उसे अपने कब्जे में रखा और दुष्कर्म किया। 1 जून को परिजनों को लड़की बदहवास हालत में गौरी नदी के पास मिली।
सदमे में आई पीड़िता ने की आत्महत्या की कोशिश
घर लौटने के बाद लड़की ने आत्महत्या की कोशिश की, जिसके बाद परिजन उसे तुरंत कोडरमा सदर अस्पताल, फिर हजारीबाग और अंत में रांची रिम्स लेकर गए। इलाज के दौरान 11 जून को उसकी मौत हो गई।
पुलिस जांच तेज, आरोपी अभी भी फरार
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। आरोपी छोटेलाल पांडेय फरार है। डीएसपी रतिभान सिंह की अगुवाई में एक विशेष जांच टीम गठित की गई है, जिसमें महिला थाना प्रभारी और चंदवारा थाना प्रभारी शामिल हैं। हम घटना की गंभीरता को देखते हुए हर कोण से जांच कर रहे हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। – रतिभान सिंह, डीएसपी मुख्यालय
परिजनों की गुहार: आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाए
मृतका के परिजनों ने गहरी पीड़ा जताते हुए न्याय की मांग की है। पीड़िता के पिता कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी में हो रही देरी से उन्हें न्याय मिलने में बाधा आ रही है। हमारी बेटी ने न्याय की उम्मीद में अंतिम सांस ली। हम चाहते हैं कि छोटेलाल पांडेय को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और उसे कड़ी सजा मिले।

