Koderma (Jharkhand) : देश की रक्षा में तैनात झारखंड का एक और लाल शहीद हो गया। शहीदों की फेहरिस्त में अपना नाम दर्ज करा चुके कोडरमा जिले के इस बेटे का नाम सुजीत सिंह था। सीआरपीएफ (CRPF) के 27 वर्षीय जवान सुजीत सिंह की जम्मू-कश्मीर में तैनाती थी। बुधवार की रात आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उसके बाद इलाज के दौरान उन्होंने देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दे दिया।
मरकच्चो के देवीपुर निवासी थे शहीद सुजीत सिंह
सुजीत सिंह कोडरमा जिले के मरकच्चो प्रखंड स्थित देवीपुर गांव के निवासी थे। जानकारी के अनुसार बुधवार की रात सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान उन्होंने अपने प्राणों की आहूती दे दी। देश के लिए कुर्बानी देने वाले अपने लाल सुजीत सिंह की शहादत पर पूरा कोडरमा गर्व महसूस कर रहा है। हालांकि, उनकी असमय मृत्यु से क्षेत्र में शोक है.
राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की तैयारी
जानकारी के अमुसार शहीद सुजीत सिंह का पार्थिव शरीर गुरुवार की शाम तक उनके पैतृक गांव पहुंचने की संभावना है. राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से तैयारी की जा रही है. वहीं, स्थानीय अधिकारी भी अंतिम यात्रा की व्यवस्था को लेकर सक्रिय हैं.
परिजनों में शोक
सुजीत सिंह के शहादत की खबर मिलते ही पूरे देवीपुर और आसपास के इलाकों में मातम छा गया. उनके परिजनों और सगे-संबंधियों में शोक का माहौल है। शोक-संतप्त परिवार को ढाढ़स बंधाने के लिए उनके घर लोगों का आना जारी है।
Read Also- RANCHI RAIL NEWS: रांची रेल मंडल से चलने वाली ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन, देखें शेड्यूल

