रांची : Lohardaga Elephants Terror : गजराजों का खौफ कम होने का नाम नहीं ले रहा है। कीमती जानें इनकी चपेट में जा रही हैं और आम लोगों के साथ-साथ प्रशासन भी मजबूर है। क्या पता, कब, कहां और कौन इन गजराजों का शिकार हो जाए। इसी कड़ी में एक और युवक का नाम शामिल हो गया। हाथियों ने उत्तर प्रदेश निवासी युवक को कुचलकर मार डाला है। यह घटना लोहरदगा जिला के कुडू थाना क्षेत्र के जोभीटांड की है।


Lohardaga Elephants Terror : वन विभाग ने पोस्टमार्टम को भेजा शव, लोगों में आक्रोश
हाथियों की चपेट में आकर युवक की मौत की घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है। वहीं, सूचना मिलने के बाद वन विभाग और कुडू थाने की पुलिस भी घटनास्थल पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद युवक के परिजनों को उसका शव सौंप दिया। इस हृदयविदाक घटना के बाद से ही मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Lohardaga Elephants Terror : एक दिन बाद ही उत्तर प्रदेश लौटनेवाला था युवक
मृतक कुडू थाना क्षेत्र के जोभीटांड स्थित अपने ससुराल आया हुआ था। वह उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और शनिवार को ही वह वापस अपने घर वापस लौटनेवाला था। इसी बीच गुरुवार की रात को ही उसकी जान चली गई। बताया जा रहा है कि कुडू, कैरो और भंडरा थाना क्षेत्र में पिछले छह महीने से भी ज्यादा समय से 22 हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है।
Lohardaga Elephants Terror : तीन लोगों की जान ले चुका है हाथियों का झुंड
इलाके में विचरण कर रहे हाथियों के इस झुंड ने अब तक तीन लोगों की जान ले ली है। दर्जनों मकानों को ध्वस्त कर दिया है और कई एकड़ में लगी हुई फसल को भी बर्बाद किया है। इतना ही नहीं, बागवानी को भी काफी नुकसान पहुंचा है। इस इलाके के लोग हाथियों के कारण काफी परेशान हैं। वन विभाग की टीम भी असहाय महसूस कर रही है।
Lohardaga Elephants Terror : तीन दिन पहले आया था शौकीन कुडू
उत्तर प्रदेश के शामली जिला के इस्सीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बसेड़ा गांव निवासी शौकीन कुडू (43) कुडू थाना क्षेत्र के जोभीटांड ब्लॉक मैदान निवासी मोहम्मद गंभीर के यहां अपने ससुराल तीन दिन पहले ही आया था। शनिवार को पत्नी शबनम खातून, तीन पुत्र दानिश, साहिल साद और पुत्री रुखसार को लेकर वापस अपने गांव जाने वाला था।
इसी बीच हाथियों का झुंड गुरुवार की रात कुंदो जंगल से निकलकर जोभीटांड आ गया था। अन्य ग्रामीणों के साथ शौकीन भी हाथियों को देखने के लिए गया हुआ था। बंडा टोली, टीको, कुंदो और अन्य गांव के लोग हाथियों के झुंड को खदेड़ रहे थे। इसी बीच अचानक खेत से निकलकर हाथी सामने आ गए। इससे ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। भगदड़ के बीच शौकीन हाथियों के झुंड के बीच फंस गया। हाथियों ने उसे कुचलकर मार डाला।
Lohardaga Elephants Terror : किसी को नहीं हुई बचाने की हिम्मत
हाथियों का गुस्सा देखकर किसी ग्रामीण की हिम्मत नहीं हो रही थी कि वह शौकीन को बचाने को लेकर कोई उपाय भी करें। इस घटना के बाद हाथियों का झुंड कुंदो जंगल की ओर चला गया। हाथियों के चले जाने के बाद घटना की सूचना कुडू थाना पुलिस और वन विभाग की टीम को दी गई। जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।

