
Lohardaga : जिले के बगडू थाना अंतर्गत ऊपर हिसरी गांव में गुरुवार को एक विवाहिता का शव संदिग्ध हालात में घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बगडू थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम होने के बाद शव उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
मृत महिला लोहरदगा जिले के बगडू थाना क्षेत्र के ऊपर हिसरी गांव के जहांगीर शाहीन की 30 वर्षीय पत्नी रशिमा बीबी हैं। पुलिस के अनुसार रशिमा बीबी घर के एक कमरे में फंदे से लटकी हुई मिलीं। काफी देर बाद परिजनों की नजर उन पर पड़ी, जिसके बाद घटना की सूचना तत्काल स्थानीय थाना पुलिस को दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मामले में परिजनों का बयान भी दर्ज किया गया है।
स्थानीय पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई प्रक्रिया की जाएगी। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की गहनता से जांच-पड़ताल कर रही है।


