
Jamshedpur : मानगो बाजार स्थित एक कपड़े की दुकान में चोरी, मारपीट और जबरन कब्जा करने के प्रयास की घटना हुई है। इस मामले में दुकान के मालिक ने मानगो थाना मेंशिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
बताते हैं कि मानगो डिमना रोड स्थित मधुसूदन प्लाजा निवासी लक्ष्मी नारायण शर्मा ने बताया है कि उनकी कपड़ों की दुकान सुमित ड्रेसेज के नाम से मानगो बाजार में तिलावत बुक स्टोर के पास है। वह साल 1996 से इस दुकान में कपड़े का कारोबार कर रहे हैं।
शिकायत के मुताबिक 27 जनवरी की रात करीब 9:30 बजे वह अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन 28 जनवरी की सुबह करीब 8 बजे जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि शटर का ताला टूटा हुआ है और अंदर से शटर को ब्लॉक कर दिया गया है। जब उन्होंने जांच की तो पता चला कि बगल के दुकानदार बिहारी लाल शर्मा और उनके परिवार के लोगों ने दुकान की दीवार तोड़कर अंदर रखे सामान को चोरी कर लिया है।
लक्ष्मी नारायण शर्मा ने बताया कि दुकान में तकरीबन 19 से 20 लाख रुपये कीमत के कपड़े और अन्य सामान रखे हुए थे। इसके अलावा, दुकान में रखी लक्ष्मी-गणेश की चांदी की मूर्ति, 26 चांदी के सिक्के, करीब 70 हजार रुपये, महाजन के लेन-देन के कागजात, खाता बही, बैंक पासबुक, चेक बुक और अन्य जरूरी दस्तावेज भी चोरी कर लिए गए। साथ ही दुकान में लगा इन्वर्टर भी गायब है।
पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने इस घटना का विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और दुकान पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की। शिकायत में उन्होंने बिहारी लाल शर्मा, उनके पुत्र हेमंत शर्मा, भवानी शंकर शर्मा, विनोद शर्मा, पुत्री प्रियंका शर्मा, दामाद अनूप शर्मा, राज मिस्त्री उमा शंकर और दुकान के स्टाफ मोहन को आरोपी बनाया है।
पीड़ित ने मानगो थाना पुलिस से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
Read Also: Chakradharpur News: सन्नी उरांव ने ली चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष पद की शपथ, विजय साव बने उपाध्यक्ष

