Jamshedpur : जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में वर्षों से लोगों को परेशान कर रही ट्रैफिक जाम की समस्या से जल्द राहत मिलने वाली है। स्वर्णरेखा नदी पुल सह फ्लाईओवर परियोजना का निर्माण कार्य अब तेजी से अंतिम चरण की ओर बढ़ रहा है। मानगो डिमना रोड स्थित ब्लू बेल्स स्कूल के पास से लेकर स्वर्णरेखा नदी के दूसरे छोर तक फ्लाईओवर का विशाल ढांचा अब स्पष्ट रूप से नजर आने लगा है।
करीब 252 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को 57 पिलरों पर तैयार किया जा रहा है। निर्माण एजेंसी के अधिकारियों के अनुसार अगस्त 2026 तक हर हाल में पुल और फ्लाईओवर का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद डिमना रोड से गांधी घाट तक वाहनों का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा।
रात में हो रहा गार्डर चढ़ाने का काम
मानगो के न्यू पुरूलिया रोड हिस्से में फ्लाईओवर को जोड़ने के लिए गार्डर चढ़ाने का जटिल कार्य शुरू हो गया है। सड़क संकरी होने और दिन में भारी वाहनों के परिचालन से जाम की आशंका को देखते हुए यह काम केवल रात के समय किया जा रहा है।निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों के मुताबिक तकनीकी कारणों से एक रात में केवल एक ही गार्डर फिट किया जा रहा है। इसी वजह से इस प्रक्रिया को पूरा करने में लगभग दो महीने का समय लग सकता है।
डिमना रोड की ओर बनेगा 4-लेन रास्ता
फ्लाईओवर परियोजना के तहत डिमना रोड की ओर चार लेन का मार्ग बनाया जा रहा है, जबकि न्यू पुरूलिया रोड की ओर दो लेन का फ्लाईओवर तैयार होगा। स्वर्णरेखा नदी के भीतर पिलर निर्माण का काम पूरी तरह पूरा हो चुका है। अब वर्कर्स फ्लैट क्षेत्र में दिन-रात निर्माण कार्य चल रहा है।
अब भी बनी हुई हैं कुछ बाधाएं
परियोजना के अंतिम चरण में भी कुछ प्रशासनिक और तकनीकी चुनौतियां बनी हुई हैं। न्यू पुरूलिया रोड क्षेत्र में वन विभाग से अंतिम अनुमति मिलना अभी बाकी है। इसके अलावा हाथी-घोड़ा मंदिर के सामने स्थित हाईटेंशन बिजली टावर भी निर्माण कार्य में बाधा बन रहा है। इसे हटाने के लिए बिजली विभाग और प्रशासन के बीच समन्वय की प्रक्रिया जारी है।
शहर को मिलेगी बड़ी राहत
फ्लाईओवर शुरू होने के बाद मानगो, डिमना रोड और न्यू पुरूलिया रोड क्षेत्र में ट्रैफिक दबाव काफी कम होने की उम्मीद है। इससे लाखों लोगों का सफर आसान और तेज होगा।

