Jamshedpur : एमजीएम अस्पताल परिसर में रविवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एसी यूनिट और ऑक्सीजन पाइपलाइन से जुड़े कीमती कॉपर वायर की चोरी करते उलीडीह थाना के एक पूर्व चालक को होम गार्ड के जवानों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। जवानों की सतर्कता से अस्पताल में एक बड़ी चोरी की वारदात समय रहते टल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपित अंधेरे का फायदा उठाकर अस्पताल परिसर में लगे एसी और ऑक्सीजन लाइन से कॉपर व मर्करी वायर निकाल रहा था। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात होम गार्ड जवानों की नजर उसकी संदिग्ध गतिविधियों पर पड़ी। जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया और पूछताछ शुरू की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार युवक पूर्व में उलीडीह थाना क्षेत्र में प्राइवेट चालक के रूप में काम कर चुका है। घटना की सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी किया गया कॉपर वायर बरामद किया गया है।
पुलिस आरोपित से गहन पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि वह पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इसके पीछे किसी संगठित चोरी गिरोह का हाथ तो नहीं है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

