
Jamshedpur : एमजीएम अस्पताल में मरीज के तीमारदारों के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। गुंजन यादव ने आरोप लगाया है कि अस्पताल परिसर में तैनात 8 से 10 होमगार्ड जवानों ने मरीज के दो तीमारदारों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
गुंजन यादव ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर वह अस्पताल पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद होमगार्ड जवानों ने उनसे बार-बार अस्पताल आने-जाने का कारण पूछा। आरोप है कि इसके बाद जवानों ने उनके साथ और अन्य तीमारदारों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी।
उन्होंने दावा किया कि जान बचाने के लिए तीमारदारों को इधर-उधर भागना पड़ा, लेकिन जवानों ने उन्हें रोककर बंधक जैसा व्यवहार भी किया। गुंजन यादव का यह भी आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद किसी भी होमगार्ड जवान ने नेम प्लेट नहीं लगा रखी थी, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया।
घटना की सूचना ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल, डीएसपी दयानंद कुमार और एमजीएम थाना प्रभारी को दी गई। पुलिस ने मौके से टूटी हुई लाठी जब्त कर ली है तथा घायल व्यक्ति को मेडिकल जांच (इंजरी रिपोर्ट) के लिए भेजा गया है।
गुंजन यादव ने यह भी आरोप लगाया कि cघटना का वीडियो बनाने पर उसे डिलीट करा दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद दोषी होमगार्ड जवानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अस्पताल परिसर के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर पूरे घटनाक्रम की सत्यता की पड़ताल की जाएगी।

