Jamshedpur : जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एमजीएम थाना पुलिस ने इंस्टाग्राम पर ऑटोमेटिक पिस्टल के साथ अपनी तस्वीर डालने वाले किशोर को पकड़ा है। किशोर ने पूछताछ में बताया कि यह पिस्तौल मुखिया डांगा के ही अनिक कुमार सिंह का है। इसके बाद पुलिस ने अनिक कुमार सिंह को भी गिरफ्तार किया। लिखा पढ़ी करने के बाद रविवार को अनिक कुमार सिंह को जेल भेज दिया गया है। जबकि किशोर को बाल सुधार गृह भेजा गया है।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की है। इंस्टाग्राम पर पिस्टल के साथ तस्वीर डाले जाने की गुप्त सूचना पुलिस को दी गई थी।
पुलिस को 13 दिसंबर को सूचना मिली थी कि मुखियाडांगा क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध पिस्टल घर में छिपाकर रखे हुए है और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के निर्देश पर एमजीएम थाना प्रभारी के नेतृत्व में छापामारी टीम का गठन किया गया।
छापामारी के दौरान पुलिस ने अनिक कुमार सिंह (19 वर्ष) और उसके एक नाबालिग साथी को धर दबोचा। पूछताछ में अनिक कुमार सिंह ने कुबूल किया कि वह यह आटोमेटिक देशी पिस्टल बिहार से लेकर आया था। दोनों का मकसद गांव में डर और दहशत का माहौल बनाना था। इसके लिए नाबालिग से इंस्टाग्राम पर अवैध हथियार के साथ तस्वीर भी साझा कराई गई थी।
पुलिस को पता चला कि पिस्टल को आरोपी ने अपने घर के पीछे जमीन में छिपाकर रखा है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पिस्तौल बरामद किया। इस संबंध में एमजीएम थाना में आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। नाबालिग को विधि विरुद्ध बालक के रूप में निरुद्ध किया गया है।
Read also Jamshedpur News : मानगो बनेगा नया पुलिस अनुमंडल, उच्चस्तरीय समिति ने दी स्वीकृति

