Garhwa : गढ़वा जिले के बिशुनपुर में बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की घटना को अंजाम दिया है। लाल चौक के व्यस्त इलाके में बदमाश चांदी से भरा बैग लूट कर फरार हो गए। इस बैग में लगभग नौ लाख रुपए मूल्य के सोना चांदी के जेवरात और ₹6000 नकदी थे। यह बैग बिशुनपुरा के रहने वाले अमित गुप्ता का है। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर बैग बरामद किया जाएगा।

बिशनपुरा के रहने वाले अमित गुप्ता ने बताया कि मंगलवार की शाम वह देहात से लौट कर लाल चौक स्थित मनीष पासवान की दुकान के सामने अपनी बाइक खड़ी कर बातचीत कर रहे थे।
बदमाशों का किया गया पीछा लेकिन वह निकल भागे
मोटरसाइकिल पर ही सोने चांदी के गहने से भरा बैग लटका हुआ था। तभी बदमाश आए और बैग लूटकर फरार हो गए। जैसे ही उन्हें घटना का एहसास हुआ बदमाशों का पीछा किया गया। लेकिन बदमाश भागने में सफल रहे। अमित गुप्ता ने बताया कि एक साल पहले उनकी बाइक भी चोरी हो गई थी। इसकी शिकायत बिशुनपुर थाने में दर्ज कराई गई थी। लेकिन आज तक पुलिस घटना का खुलासा नहीं कर सकी। ना ही वाहन का सुराग मिला।
ज्वेलर्स दुकान में चोरी का अब तक नहीं हुआ खुलासा
बताते हैं कि बिशनपुरा में इन दिनों अपराध का ग्राफ काफी बढ़ रहा है। एक माह के भीतर सोना-चांदी लूट की यह दूसरी बड़ी वारदात है। इसके पहले अपर बाजार में शुभ लक्ष्मी वस्त्रालय सह ज्वेलर्स दुकान में 40 लाख रुपए की चोरी हुई थी। पुलिस अभी तक इस घटना का खुलासा नहीं कर पाई है।
Read Also: Garhwa News: डंडा प्रखंड को क्यों खत्म करना चाहता है जिला प्रशासन, जानें एक क्लिक में

