Khunti : खूंटी के कर्रा रोड स्थित शिवाजी चौक में बुधवार देर रात एक मोबाइल दुकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग इतनी तेजी से फैली कि गोबिंद मोबाइल नामक दुकान में रखा लगभग पूरा सामान जलकर स्वाहा हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस हादसे में 15 से 20 लाख रुपये तक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। गुरुवार को पुलिस मामले की जांच कर रही है। आग लगने का कारण पता लगाया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब साढ़े 11 बजे दुकान से अचानक तेज लपटें उठती दिखीं। बताया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी हो सकती है। दुकान संचालक गोबिंद महतो रोज की तरह रात आठ बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। घटना की जानकारी मिलने पर जब वे पहुंचे, तब तक आग विकराल आकार ले चुकी थी।
स्थानीय लोगों ने बाल्टी और टब से पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। इसके तुरंत बाद अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई, और करीब 10 मिनट में दमकल दल मौके पर पहुंच गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझा दी गई, लेकिन तब तक दुकान का लगभग समूचा सामान राख में बदल चुका था।
आग बुझाने के दौरान गोबिंद महतो घायल हो गए। टूटे शीशे से उनके पैरों में गहरी चोट आई है। उन्होंने बताया कि इलाके में कई रिहायशी मकान और बड़ी दुकानें होने के कारण लोगों में दहशत फैल गई थी। दमकल कर्मियों की तत्परता से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। घटना की जांच प्रशासन द्वारा की जा रही है।
Read Also: Ranchi News : हेमंत सोरेन की याचिका पर हाईकोर्ट में सुनवाई, ईडी को नोटिस जारी

