
प्रयागराज : महाकुंभ मेला के दौरान शनिवार को एक बार फिर आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, महाकुंभ के सेक्टर 18 और 19 के बीच कई पंडालों में अचानक आग लग गई, जिसका कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग कल्पवासियों द्वारा खाली किए गए कुछ पुराने तंबुओं में लगी थी। प्रशासन ने दावा किया है कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। इस घटना में अभी तक किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है।
बताया जा रहा है कि सेक्टर 19 के मोरी मार्ग पर आग लगने की सूचना शाम 5.45 बजे मिली। इसके बाद 10 मिनट में फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची और उन्होंने आग बुझाने की प्रक्रिया शुरू की। भीड़ को तत्काल घटनास्थल से हटा दिया गया, लेकिन तब तक अयोध्या धाम का लवकुश आश्रम जलकर खाक हो चुका था।
पहले भी कई बार लग चुकी है आग
महाकुंभ मेला क्षेत्र में यह पहली बार नहीं हुआ है कि आग लगी हो। इससे पहले, महाकुंभ के शुरू होने के 7वें दिन ही सेक्टर 19 में भीषण आग लगी थी, जिसमें कई टेंट जल गए और सिलेंडर फटने की आवाजें भी सुनाई दी थीं। इसके अलावा, 13 फरवरी को भी मेला क्षेत्र के दो अलग-अलग जोन में आग लगी थी, जिसे समय रहते बुझा लिया गया था। 9 फरवरी को भी सेक्टर 9 में कल्पवासी टेंट में सिलेंडर लीक होने से आग लगी थी।
ताजा घटना के बाद महाकुंभ मेला प्रशासन और अन्य संबंधित टीमें जांच में जुटी हैं। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
Read Also: Gorakhpur News: पुलिसकर्मियों का लोन घोटाला, SSP ने दी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

