
Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के गोलमुरी क्षेत्र में एक व्यवसायी ने पुलिसकर्मियों पर अवैध रूप से पैसे मांगने, धमकी देने और युवकों को हिरासत में लेकर रुपये वसूलने का आरोप लगाया है। इस संबंध में गोलमुरी निवासी शेख नोमान ने वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच कराने और संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में व्यवसायी ने गोलमुरी थाना प्रभारी प्रशान्त सिंह और सिदगोड़ा थाना में तैनात सिपाही शम्स तबरेज खुर्शीद का नाम लिया है। उनका आरोप है कि दोनों मिलकर उनसे पैसे की मांग कर रहे हैं और रकम नहीं देने पर झूठे मामले में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दे रहे हैं। हालांकि, जांच के बाद पता चलेगा कि आरोप में कितनी सच्चाई है।
शेख नुमान के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7:55 बजे वह गोलमुरी मस्जिद में नमाज पढ़ने गए थे। इसी दौरान सिपाही शम्स तबरेज खुर्शीद और थाना प्रभारी प्रशान्त सिंह मस्जिद के अंदर पहुंचे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पैसे देने से इनकार करने के बाद यह कार्रवाई की गई, जबकि उनके खिलाफ थाने में कोई शिकायत नहीं है।
व्यवसायी ने दावा किया है कि पूरी घटना मस्जिद में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड है। उन्होंने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से फुटेज की जांच कराने का आग्रह किया है।
युवकों को उठाकर पैसे लेने का भी आरोप
शिकायत में शेख नोमान ने गोलमुरी के कुछ अन्य युवकों के साथ कथित वसूली की घटनाओं का भी जिक्र किया है। उनके अनुसार, 8 अक्टूबर को एक युवक को गोलमुरी बाजार से बाइक पर बैठाकर थाने ले जाया गया था। आरोप है कि उससे और उसके परिजनों से 50 हजार रुपये की मांग की गई। बाद में 15 हजार रुपये लेने के बाद 11 अक्टूबर की रात उसे छोड़ा गया था।
इसी तरह, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि 10 अक्टूबर को छह युवकों को थाने ले जाया गया था। आरोप के मुताबिक, इन युवकों को छोड़ने के लिए 70 हजार रुपये लिए गए और 11 अक्टूबर की रात करीब एक से दो बजे के बीच उन्हें छोड़ा गया।
पुराने मामले का भी किया उल्लेख
शेख नोमान ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि प्रशान्त सिंह के टेल्को थाना प्रभारी रहने के दौरान भी इसी तरह की घटनाएं हुई थीं। उन्होंने वर्ष 2021 के टेल्को थाना कांड संख्या 151/2021 का जिक्र करते हुए एक आरोपी को पकड़वाने और कथित तौर पर एक लाख रुपये लेकर छोड़ने का आरोप लगाया है।
डीआईजी और डीजीपी को भी भेजी शिकायत
व्यवसायी ने एसएसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा है कि यदि जमशेदपुर के किसी थाने में उनके खिलाफ कोई मामला या शिकायत दर्ज है, तो उन्हें नियमानुसार नोटिस देकर संबंधित पुलिस पदाधिकारी के समक्ष उपस्थित होने का अवसर दिया जाए।
शिकायत की प्रतिलिपि कोल्हान डीआईजी, चाईबासा और झारखंड के डीजीपी, रांची को भी भेजी गई है।
क्या बोले गोलमुरी थाना प्रभारी
इस मामले में गोलमुरी थाना प्रभारी प्रशांत सिंह ने कहा कि थाने पर शिकायत आई है कि गोलमुरी मस्जिद के आसपास अड्डेबाजी होती है। लोग धतकीडीह, कपाली आदि इलाकों से लोग आकर जमावड़ा करते हैं। इसी शिकायत की जांच के लिए पुलिस वहां गई थी।

