Home » Jamshedpur News : झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026: पूर्वी सिंहभूम में परीक्षा के कदाचारमुक्त संचालन को लेकर डीसी और एसएसपी ने की उच्चस्तरीय बैठक, दिए कड़े निर्देश

Jamshedpur News : झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026: पूर्वी सिंहभूम में परीक्षा के कदाचारमुक्त संचालन को लेकर डीसी और एसएसपी ने की उच्चस्तरीय बैठक, दिए कड़े निर्देश

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले में आगामी 1 नवंबर 2026 (रविवार) को आयोजित होने वाली झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 के सफल, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। परीक्षा तैयारियों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से स्थानीय रविन्द्र भवन में एक महत्वपूर्ण ब्रीफिंग सह-बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने संयुक्त रूप से की। इस उच्चस्तरीय बैठक में जिले भर से आए जोनल दण्डाधिकारी, पेट्रोलिंग दण्डाधिकारी, स्टेटिक दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और सभी केन्द्राधीक्षक शामिल हुए। बैठक के अंत में सभी अधिकारियों को यह चेताया गया कि कोताही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में धालभूम के एसडीएम, अपर उपायुक्त, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, जेएनएसी के उप नगर आयुक्त, घाटशिला के एसडीएम, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक सहित कई अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

दो पालियों में होगी परीक्षा, कड़े सुरक्षा इंतजाम

बैठक में जानकारी दी गई कि झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा 1 नवंबर को दो पालियों में संपन्न होगी। प्रथम पाली में उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 06 से 08) की परीक्षा पूर्वाह्न 09:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक होगी, जबकि द्वितीय पाली में प्राथमिक स्तर (कक्षा 01 से 05) की परीक्षा अपराह्न 02:00 बजे से 04:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पूरे जिले में परीक्षा पारदर्शी और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो।

जिला मुख्या से दूर बनाए गए 12 परीक्षा केंद्र

जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है, ऐसे में इसका सफल संचालन प्रशासन की एक अहम जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने कार्यक्षेत्र और दायित्वों की पूरी जानकारी रखें और आपसी समन्वय बनाकर काम करें।

डीसी ने कहा कि शहर में सुगम यातायात व्यवस्था और परीक्षार्थियों का सुचारू आवागमन सुनिश्चित किया जाए। जिला मुख्यालय से दूर स्थित 12 परीक्षा केन्द्रों समेत सभी केन्द्रों पर प्रश्नपत्रों की सुरक्षित और समयबद्ध आपूर्ति के लिए कड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने का निर्देश दिया गया है। परीक्षा केन्द्रों के बाहर अनावश्यक भीड़ न जुटे, इसके लिए कतार प्रबंधन और सघन सुरक्षा जांच के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक जानकारियों पर भी कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती

वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने सुरक्षा व्यवस्था का खाका रखते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन ने परीक्षा के मद्देनजर चाक-चौबंद तैयारियां की हैं। सभी संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। एसएसपी ने निर्देश दिए कि रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और प्रमुख चौराहों पर परीक्षार्थियों की संभावित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष यातायात प्रबंधन लागू किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों के भीतर किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री, मोबाइल फोन या इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। सभी पुलिस अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर विधि-व्यवस्था पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है।

इसे भी पढ़ें – Chaibasa News : चाईबासा के होमगार्ड जवानों की ड्यूटी बढ़ाने का आश्वासन, सांसद जोबा मांझी ने उपायुक्त से की बात

Related Articles

Leave a Comment