Home » Chaibasa News : छठ पर्व को लेकर डीसी व एसपी ने की संयुक्त बैठक, छठ घाटों पर सुरक्षा और सुविधाओं की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश

Chaibasa News : छठ पर्व को लेकर डीसी व एसपी ने की संयुक्त बैठक, छठ घाटों पर सुरक्षा और सुविधाओं की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश

सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, पर्याप्त रोशनी, वॉच टावर, घेराबंदी एवं मेडिकल टीम की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : आगामी छठ पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने तथा छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को घाटों पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित प्रकोष्ठ में उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अमित रेणु की संयुक्त अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में छठ पर्व के दौरान विभिन्न घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में सदर चाईबासा अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी उपेंद्र कुमार, चाईबासा नगर परिषद के अध्यक्ष नितिन प्रकाश, उपाध्यक्ष विकास शर्मा, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संतोषणी मुर्मू सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान चाईबासा नगर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चार प्रमुख छठ घाटों करणी मंदिर घाट, कुम्हार टोली घाट, तेलगाकुड़ी घाट एवं पुलहातु घाट पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त नगर परिषद क्षेत्र से बाहर स्थित कुज्जु नदी घाट पर भी छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए समुचित इंतजाम करने का निर्देश दिया गया।

छठ पर्व आस्था, अनुशासन एवं सामूहिक सहभागिता का महत्वपूर्ण पर्व: डीसी

उपायुक्त मनीष कुमार ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पर्व के मद्देनजर सभी घाटों पर साफ-सफाई का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। घाटों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के साथ आवश्यकतानुसार ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जाए, ताकि स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित हो सके। उन्होंने घाटों तक आने-जाने वाले रास्तों की साफ-सफाई तथा श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि छठ पर्व आस्था, अनुशासन एवं सामूहिक सहभागिता का महत्वपूर्ण पर्व है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए सभी व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करना आवश्यक है, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।

पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता: एसपी

पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा भीड़ प्रबंधन के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने पर बल दिया। घाटों पर निगरानी के लिए वॉच टावर की व्यवस्था करने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता तथा भीड़ की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। साथ ही घाटों पर किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित कर्मियों को सतर्क एवं तैयार रखने पर जोर दिया गया। बैठक में सभी प्रमुख घाटों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने तथा अंधेरे वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां अतिरिक्त प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक स्थानों पर मजबूत घेराबंदी करने और घाटों के आसपास की व्यवस्था को व्यवस्थित रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।

अग्निशमन वाहन एवं मेडिकल टीम की रहेगी व्यवस्था

छठ पर्व के दौरान किसी भी अप्रिय घटना अथवा आपातकालीन परिस्थिति से निपटने के लिए घाटों पर अग्निशमन वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर भी निर्देश दिए गए। संबंधित पदाधिकारियों को मेडिकल टीम की व्यवस्था करने, प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध रखने तथा जरूरत पड़ने पर त्वरित चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक तैयारी करने को कहा गया। इसके अतिरिक्त छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ग्रीन रूम सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने तथा घाटों पर उपलब्ध सुविधाओं की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया गया।

Read Also Chaibasa News : नोवामुंडी में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को लेकर कांग्रेस की बैठक आयोजित

Related Articles

Leave a Comment