Home » Chaibasa News : गुवा सेल प्रबंधन और मजदूरों के बीच बनी सहमति: ठेका कर्मियों की नहीं होगी छंटनी, मोबाइल प्रतिबंध पर स्पष्ट हुआ नियम

Chaibasa News : गुवा सेल प्रबंधन और मजदूरों के बीच बनी सहमति: ठेका कर्मियों की नहीं होगी छंटनी, मोबाइल प्रतिबंध पर स्पष्ट हुआ नियम

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन के नेतृत्व में बुधवार देर शाम गुवा सेल जनरल ऑफिस के समक्ष ठेका मजदूरों और सुरक्षा गार्डों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रबंधन की नीतियों के विरोध में हुए इस प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने जमकर नारेबाजी की। करीब एक घंटे तक चले इस विरोध-प्रदर्शन के बाद यूनियन प्रतिनिधियों और सेल प्रबंधन के बीच उच्चस्तरीय वार्ता हुई।

विवाद के मुख्य बिंदु

वार्ता के दौरान यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने प्रबंधन के समक्ष कड़ा रुख अपनाते हुए कई गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गुवा सेल खदान परिसर में ठेका मजदूरों के मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध लगाने की जो सुगबुगाहट चल रही है, उसे यूनियन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने दो टूक कहा कि यदि खदान में मजदूरों के मोबाइल ले जाने पर रोक लगाई जाती है, तो अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी मोबाइल ले जाने के नियमों पर कड़ा सवाल उठाया जाएगा।

इसके साथ ही, सुरक्षा गार्डों की संभावित कटौती का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। श्री पांडे ने बताया कि वर्तमान में खदान में 54 सुरक्षा गार्ड अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जिन्हें घटाकर 39 करने की योजना बनाई जा रही है। इससे इन कर्मियों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो सकता है। यूनियन ने आरोप लगाया कि प्रबंधन लगातार मजदूरों की सुविधाओं में कटौती कर रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रबंधन का आश्वासन और बनी सहमति

दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत के बाद सेल के मुख्य महाप्रबंधक (CGM) चंद्रभूषण कुमार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कई अहम आश्वासन दिए।

छंटनी नहीं होगी

सीजीएम ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा गार्डों की संख्या में कोई कटौती नहीं की जाएगी और पूर्व की भांति सभी अपनी सेवाएं जारी रखेंगे।

 समान नियम

मोबाइल प्रतिबंध के मामले पर उन्होंने कहा कि यदि खदान क्षेत्र में मोबाइल बैन का नियम लागू होता है, तो वह केवल मजदूरों पर नहीं, बल्कि सेल के अधिकारियों समेत हर व्यक्ति पर समान रूप से लागू होगा। हालांकि, फिलहाल ऐसा कोई नियम लागू नहीं किया गया है। उन्होंने कार्य के दौरान मोबाइल का इस्तेमाल न करने की अपील की।

अन्य कल्याणकारी घोषणाएं

खदान में नई एंबुलेंस की खरीद के लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके अलावा, उत्पादन के आधार पर स्थायी और ठेका मजदूरों को उपहार देने तथा खदान क्षेत्र में मजदूरों के सुगम आवागमन के लिए नई बस सेवा शुरू करने का प्रयास जल्द धरातल पर उतारने की बात कही गई।

यूनियन ने इसे बताया अपनी जीत

बैठक के सकारात्मक परिणाम के बाद यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने इसे मजदूरों की एकजुटता की बड़ी जीत करार दिया। उन्होंने कहा कि यह सफलता श्रमिकों की ताकत का परिणाम है और यूनियन भविष्य में भी मजदूरों के अधिकारों व सुविधाओं की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से संघर्ष करती रहेगी।

इस प्रदर्शन और वार्ता में संघ के महामंत्री अंतरयामी महाकुड़, राजेश यादव, संजू गोच्छाईत, प्रशांत चाम्पिया, बबलू चाम्पिया, प्रदीप सुरीन, किशोर सिंह, आरती होरो और संजय सांडिल सहित भारी संख्या में ठेका मजदूर व सुरक्षा गार्ड मौजूद रहे।

Read Also Chaibasa News : छठ पर्व को लेकर डीसी व एसपी ने की संयुक्त बैठक, छठ घाटों पर सुरक्षा और सुविधाओं की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश

Related Articles

Leave a Comment