Jamshedpur: अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर झारखंड प्रदेश इंटक एवं ज्वाइंट एक्शन कमेटी के तत्वावधान में आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर सभागार में 1 मई 2025 गुरुवार को एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता इंटक के प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने की। संगोष्ठी का विषय था – “वर्तमान परिपेक्ष में श्रमिकों की स्थिति पर परिचर्चा”। मुख्य अतिथि के रूप में लोहरदगा से सांसद सुखदेव भगत और विशिष्ट अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से की गई और अतिथियों का स्वागत अंग वस्त्र व पुष्प देकर किया गया। मुख्य अतिथि सुखदेव भगत ने कहा कि श्रमिक और प्रबंधन दोनों का विकास आपसी तालमेल पर निर्भर करता है।
उन्होंने संगठित होने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि आज के समय में मजदूरों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर सहित पूरे देश में इंटक के संघर्षों ने मजदूर आंदोलन को जीवित रखा है और इसके पीछे राकेश्वर पांडेय का नेतृत्व है। पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि वे स्वयं मजदूर राजनीति से निकले हैं और आज भी किसी भी मजदूर के हक की लड़ाई में इंटक और राकेश्वर पांडेय के साथ खड़े हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इंटक प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने कहा कि आज का समय मजदूर आंदोलन के लिए चुनौतीपूर्ण है। जब यूनियन आपके लिए लड़ाई लड़ती है, तब श्रमिकों को भी पूरे मन से सहयोग करना चाहिए। उन्होंने 1886 में शिकागो में हुए मजदूर आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि आज जो भी अधिकार हमें मिले हैं, वे उन शहीद मजदूरों की कुर्बानियों की देन हैं। उन्होंने श्रमिकों से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर पूरे झारखंड में ऐसा वातावरण बनाएं, जिसमें हर मजदूर को उसका हक और सम्मान मिल सके।
इस अवसर पर टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महासचिव आरके सिंह, जुस्को यूनियन के अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय, कांग्रेस नेता रामाश्रय प्रसाद, अशोक चौधरी, संजीव श्रीवास्तव, विजय खान, शाहनवाज आलम, परविंदर सिंह, मनोज सिंह, श्रीकांत सिंह, शिव लखन सिंह, पिंटू श्रीवास्तव, ददन सिंह, संजय सिंह, बीरबल सिंह, महिला नेत्री उषा सिंह, शिखा चौधरी, मीरा तिवारी समेत सैकड़ों मजदूर प्रतिनिधि उपस्थित थे। स्वागत भाषण इंटक जिला अध्यक्ष केपी तिवारी ने दिया जबकि मंच संचालन इंटक नेता राणा सिंह ने किया।
Read also – Jamshedpur Politics: अब ठेकेदार तय कर रहे मजदूरों की किस्मत : खीरू महतो

