RANCHI: सांसद खेल महोत्सव का भव्य समापन 25 दिसंबर को ओटीसी ग्राउंड रांची में किया जाएगा। समापन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑनलाइन प्रतिभागियों और युवाओं को संबोधित करेंगे। यह जानकारी केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ ने दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से 21 सितंबर 2025 को फिट युवा फॉर विकसित भारत थीम के तहत सांसद खेल महोत्सव की शुरुआत की गई थी। इस महोत्सव का उद्देश्य केवल खेल प्रतिभाओं को मंच देना नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग को खेलों से जोड़ना है। इसके अलावा लोगों को स्वस्थ भारत की दिशा में कदम बढ़ाना है। प्रेस वार्ता में मधुकांत पाठक, अजय मारू, रामेंद्र कुमार और आनंद कुमार उपस्थित थे।

21 सितंबर को हुई थी शुरुआत
महोत्सव के पहले चरण में 21 सितंबर को विकसित भारत 2047 की थीम पर साइक्लोथन का आयोजन हुआ। जिसमें 2000 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। दूसरे चरण में 12 अक्टूबर को स्वदेशी संकल्प के साथ मैराथन का आयोजन हुआ, जिसमें करीब 25 हजार लोगों ने सहभागिता निभाई। तीसरे चरण में फुटबॉल महासंगम का आयोजन विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों रांची, हटिया, कांके, खिजरी, सिल्ली और ईचागढ़ में किया गया। जिसमें कुल 100 से अधिक टीमें शामिल हुईं, जिनमें 32 महिला टीमें भी शामिल हुई।
कई और खेलों का भी आयोजन
इसके अलावा नामकुम में लॉन बॉल, सिल्ली स्टेडियम और मोरहाबादी में तीरंदाजी, वूशु प्रतियोगिता आयोजित की गई। 20 और 21 दिसंबर को मोरहाबादी मैदान में कबड्डी प्रतियोगिता होगी, जिसमें 100 से अधिक टीमें भाग लेंगी। 24 दिसंबर को एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 2000 से अधिक खिलाड़ी विभिन्न दौड़-कूद स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे। 25 दिसंबर को समापन समारोह में विजेताओं को मेडल और पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इस अवसर पर गिल्ली-डंडा, पिट्ठू और रस्साकशी जैसे पारंपरिक खेल भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
READ ALSO: RANCHI CRIME NEWS: कांके ब्लॉक चौक के पास से ड्रग पेडलर गिरफ्तार, इतना मिला ब्राउन शुगर

