चाईबासा : महिला कॉलेज चाईबासा के एनएसएस बी.एड. यूनिट के वॉलंटियर्स के लिए ओरियंटेशन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। इस मौके पर अतिथि के रूप में कोल्हान विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर डॉ राजेंद्र भारती, राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ मीनाक्षी मुंडा सह पूर्व समन्वयक डॉ दारा सिंह गुप्ता उपस्थित हुए। अतिथियों ने कार्यक्रम की शुरुआत दीप जला कर की। इस अवसर पर डॉ प्रीतिबाला सिन्हा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। साथ ही नए एनएसएस वॉलेंटियर्स को शुभकामनाएँ दीं।
कोल्हान विश्वविद्यालय के प्राक्टर डॉ राजेंद्र भारती ने कहा कि एनएसएस मैं नहीं, तुम’ (Not Me, But You) के आदर्श वाक्य पर केंद्रित है। यह स्वयंसेवकों को समाज सेवा, व्यक्तित्व विकास और निस्वार्थ सेवा के महत्व को समझने के लिए प्रेरित करती है। राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य केवल सेवा करना नहीं, बल्कि सेवा के माध्यम से युवाओं के भावनात्मक पक्ष को मजबूत कर उन्हें एक संवेदनशील नागरिक बनाना है। डॉ अर्पित सुमन ने राष्ट्रीय सेवा योजना का परिचय पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से दिया। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने पूर्व
समन्वयक डॉ दारा सिंह गुप्ता के कार्य की सराहना करते हुए उनके कार्यकाल की स्मृतियों को वीडियो और कालेज के माध्यम से साझा किया। डॉ दारा सिंह गुप्ता ने कहा राष्ट्रीय सेवा योजना का मुख्य उद्देश्य स्वैच्छिक सामुदायिक सेवा के माध्यम से छात्रों के व्यक्तित्व और चरित्र का विकास करना है। उन्होंने एनएसएस वॉलंटियर्स को एनएसएस में जुड़ने से होने वाले लाभ से अवगत कराया। डॉ मीनाक्षी मुंडा ने कहा कि हम जीवन पर्यंत सीखते हैं। हमें हमेशा सीखने के लिए तैयार रहना चाहिए।
तत्पश्चात राष्ट्रीय युवा दिवस और पराक्रम दिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के सफल प्रतिभागियों को अतिथियों के द्वारा पुरस्कृत किया गया। धन्यवाद ज्ञापन मुबारक करीम हाशमी ने किया। इस मौके पर डॉ बबीता कुमारी, डॉ अमृता जायसवाल और सेमेस्टर 1 के वॉलंटियर्स के साथ सेमेस्टर 3 के वॉलंटियर्स और अन्य छात्राएँ उपस्थित रहीं।
Read Also: पश्चिमी सिंहभूम में हाथी की रहस्यमयी मौत से सनसनी, दांत गायब, जांच में जुटा वन विभाग

