RANCHI: ओरमांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत खीराबेड़ा में बुधवार रात सड़क हादसे के बाद तनाव का माहौल हो गया। मकर संक्रांति मेला देखकर लौट रही 16 वर्षीय रूबी कुमारी को एक यात्री बस ने टक्कर मार दी। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बस में आग लगा दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं आग लगाने वालों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार चुटूपालू निवासी विजय महली की पुत्री रूबी कुमारी मेला और सांस्कृतिक कार्यक्रम समाप्त होने के बाद घर लौट रही थी। इसी दौरान रांची से सिलीगुड़ी जा रही आरजू बस ने उसे टक्कर मार दी। जिससे वह सड़क पर गिर पड़ी और गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे सीएचसी ओरमांझी पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया।
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने बस को घेर लिया और देखते ही देखते उसमें आग लगा दी। बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए। वहीं सभी यात्री बस से बाहर निकल कर जान बचाई। सूचना मिलने के बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। थाना प्रभारी शशि भूषण चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सड़क पर जाम को हटाया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

