रांची। पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों पर किए गए आतंकी हमले के बाद राष्ट्रव्यापी शोक के माहौल में झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के बयान चर्चा में है। झारखंड सरकार में नगर विकास एवं आवास विभाग के इस मंत्री के बयान को लेकर सियासी बखेड़ा खड़ा हो गया है। मंत्री के बयान पर के नेता प्रतिपक्ष और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा करते हुए मंत्री के बयान को “गंभीर अहंकार और उन्माद” का प्रतीक बताया।
क्या कहा था मंत्री ने
कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों के हमले में पर्यटकों के मारे जाने की घटना के बाद पूरे देश में इसी घटना की चर्चा है। राजनीतिक बयानबाजियां भी खूब की जा रही हैं। इसी कड़ी में उस समय हास्यास्पद स्थिति बन गई जब इस आतंकी घटना के हो जाने के लिए हिमाचल सरकार को जिम्मेदार मानते हुए झारखंड के मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री का इस्तीफा मांग लिया।
मीडिया में चर्चा, मंत्री ने दी सफाई
मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू के इस बयान की खूब चर्चा हो रही है। देखते ही देखते सोशल मीडिया पर उनका यह बयान वायरल हो गया है। राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं की प्रतिक्रियाएं आने लगे। अपनी भद पिटती देखे मंत्री ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि उन्होंने तो व्यंग्य किया था।
बाबूलाल मरांडी ने कहा – सुदिव्य का बयान ‘शर्मनाक और राष्ट्र के लिए अपमानजनक’
झारखंड के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने अपने पोस्ट में लिखा, “मंत्री सुधिव्य द्वारा प्रदर्शित व्यंग्य उस गहरे अहंकार और पागलपन का परिचायक है, जो आज उनके व्यवहार में झलक रहा है। यह बयान उस समय आया है जब न केवल पूरा देश, बल्कि पूरी दुनिया कश्मीर की इस भयावह घटना पर शोकाकुल है।” उन्होंने इस प्रकार की टिप्पणी को शर्मनाक और राष्ट्र की संवेदनाओं का अपमान करने वाला बताया।
हर झारखंडवासी को शर्मसार किया: मरांडी
बाबूलाल मरांडी ने आगे लिखा, “मैं उन्हें एक अपेक्षाकृत गंभीर व्यक्ति मानता था, लेकिन इस राष्ट्रीय शोक के समय उनका यह बचकाना और अशालीन व्यवहार हर झारखंडवासी के लिए शर्मनाक है।” उन्होंने मंत्री की सार्वजनिक छवि पर भी सवाल उठाए। भाजपा की ओर से मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू को इतिहास-भूगोल पढ़ने तक की नसीहत दी गई है।
शक्ति और मद में प्रकट होता है असली चरित्र: मरांडी
बाबूलाल मरांडी ने एक अन्य पोस्ट में कहा, “व्यक्ति का असली चरित्र तब प्रकट होता है जब वह किसी नशे में होता है – चाहे वह धन का हो, सत्ता का हो, सौंदर्य का हो या शराब का।” हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पोस्ट सीधे सुदीव्य कुमार के बयान से संबंधित नहीं है, लेकिन संदर्भ और समय को देखते हुए यह टिप्पणी परोक्ष रूप से उनसे जुड़ी हुई मानी जा रही है।
विपक्षी दलों के निशाने पर आए मंत्री
बता दें कि मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू के जिस विवादित बयान को लेकर यह विवाद खड़ा हुआ है, उसकी चर्चा सोशल मीडिया पर भी खूब हो रही है। पहलगाम आतंकी हमले की पृष्ठभूमि में उनके कथित व्यंग्यात्मक बयान ने न केवल भाजपा बल्कि विपक्षी दलों में भी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। इस हमले में 26 निर्दोष नागरिकों की जान चली गई थी, जिससे पूरा देश शोक में डूबा हुआ है।

