पाकुड़ : पाकुड़ नगर परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव परिणाम की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। महिला के लिए आरक्षित इस सीट पर भाजपा की बागी प्रत्याशी शबरी पाल ने झामुमो समर्थित उम्मीदवार शेख सेलिना को 2353 मतों के अंतर से पराजित कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। बहुकोणीय मुकाबले वाले इस चुनाव में कुल 10 प्रत्याशी मैदान में थे, जिससे परिणाम को लेकर व्यापक उत्सुकता बनी हुई थी।

दूसरे स्थान पर रहीं झामुमो समर्थित शेख सेलिना
घोषित आंकड़ों के अनुसार शबरी पाल को कुल 7816 मत प्राप्त हुए। वहीं झामुमो समर्थित शेख सेलिना को 5463 मत मिले। भाजपा समर्थित प्रत्याशी शंपा साह को 3730 मतों के साथ तीसरा स्थान मिला। कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार मोनिता कुमारी को 1034 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार शबरी पाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पर निर्णायक बढ़त बनाते हुए अध्यक्ष पद हासिल किया।
इस बार महिलाओं के लिए आरक्षित था यह पद
इस बार नगर परिषद अध्यक्ष का पद महिला उम्मीदवार के लिए आरक्षित था। पिछले चुनाव में यह सीट भारतीय जनता पार्टी के कब्जे में थी। हालांकि इस चुनाव में पार्टी की आधिकारिक समर्थित प्रत्याशी को पराजय का सामना करना पड़ा, जबकि बागी उम्मीदवार ने जीत दर्ज की।
मतगणना शुरू होने के दो घंटे में आने लगे परिणाम
निर्धारित कार्यक्रम के तहत सुबह 8 बजे बाजार समिति परिसर में मतगणना शुरू हुई। लगभग दो घंटे बाद वार्ड पार्षदों के परिणाम आने लगे। सुबह 11 बजे तक सभी वार्डों के नतीजे घोषित कर दिए गए। इसके बाद अध्यक्ष पद के रुझान स्पष्ट होने लगे और करीब 12:30 बजे आधिकारिक घोषणा कर दी गई। अनुमान लगाया जा रहा है कि यह राज्य में उन नगर निकायों में से एक रहा, जहां मतगणना प्रक्रिया सबसे पहले पूर्ण की गई।
राजनीतिक समीकरणों पर प्रभाव
नगर परिषद अध्यक्ष चुनाव में आए इस परिणाम को स्थानीय राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बहुकोणीय मुकाबले और पार्टी लाइन से अलग परिणाम ने क्षेत्रीय राजनीति में नई चर्चा को जन्म दिया है।
| वार्ड संख्या | विजेता प्रत्याशी | प्राप्त मत | उपविजेता | प्राप्त मत |
|---|---|---|---|---|
| 1 | मिथुन मरांडी | 353 | रतन सरदार | 215 |
| 2 | उज्ज्वल हाड़ी | 486 | अमित हाजरा | 298 |
| 3 | किरण लाल कापरी | 376 | मो० शकिल अंसारी | 354 |
| 4 | रुपाली सरकार | 694 | रूमकी मंडल | 366 |
| 5 | राणा ओझा | 398 | मनमोहन भगत | 109 |
| 6 | राखी सरदारीन | 365 | सुमित्रा सरदारिन | 361 |
| 7 | पूनम देवी | 629 | इति दुबे | 236 |
| 8 | अनिकेत गोस्वामी* | 629 | मो० अजहर आलम | 263 |
| 9 | विमल चंद्र राउत | 557 | चंदना घोष | 288 |
| 10 | गुड्डू कुमार भगत | 468 | साधन रजक | 242 |
| 11 | निभा देवी | 497 | चैताली सिंह | 231 |
| 12 | भीम सिंह | 455 | टोनी कुमार मंडल | 242 |
| 13 | असलाम अंसारी | 583 | ओम प्रकाश साह | 338 |
| 14 | मो० मुस्ताक अंसारी | 603 | मो० रियाज | 333 |
| 15 | चंचल सिंह | 433 | प्रेमशीला देवी | 407 |
| 16 | रियाज अंसारी | 526 | श्याम कुमार भगत | 457 |
| 17 | आलमगीर अंसारी | 477 | मो० नवाज | 407 |
| 18 | कृष्णा शर्मा | 679 | प्रीति दास | 451 |
| 19 | तनु दास | 475 | माधुरी मंडल | 385 |
| 20 | चेनु बीबी | 455 | फिरदोसी खातुन | 417 |
| 21 | राबिया बेवा | 386 | सलीमा बेगम | 309 |

