
पलामू : झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के जोड़ गांव में बुधवार को देर रात एक तेज रफ्तार बाइक बछड़े से टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार साला-बहनोई गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बछड़े की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को तत्काल आटो से मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज-अस्पताल (एमएमसीएच) पहुंचाया। घायलों की पहचान जोड़ गांव निवासी रवि कुमार और नरही निवासी अनिल राम के रूप में हुई है। दोनों का एमएमसीएच में इलाज चल रहा है।
अस्पताल स्थित पुलिस चौकी में तैनात जवानों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को भर्ती कराने में सहयोग किया। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी पुलिस टीम के साथ रात में ही घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सड़क पर पड़े मृत बछड़े को हटवाया। इसके बाद गड्ढा खोदवा कर उसे सम्मानपूर्वक दफन कराया, जिसके बाद यातायात भी सुचारु रूप से बहाल हो सका। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Read Also- परसुडीह में अपहरण और जानलेवा हमले का मामला गरमाया, पीड़ित पक्ष ने कार्रवाई में देरी का लगाया आरोप

