
चाईबासा : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिमी सिंहभूम जिला अध्यक्ष और वरिष्ठ आदिवासी महिला नेत्री गीता बलमुचू को केंद्र सरकार ने एक बड़ी राष्ट्रीय जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें भारत सरकार के इस्पात मंत्रालय के अधीन आने वाले प्रतिष्ठित सार्वजनिक उपक्रम ‘ओडिशा मिनरल्स डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड’ (OMDC) का स्वतंत्र निदेशक (Independent Director) नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति पर हर्ष जताते हुए भाजपा की जिला इकाई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। पार्टी ने इसे आदिवासी समाज के सम्मान का एक और गौरवपूर्ण अध्याय बताया है।
चुनौतीपूर्ण माहौल में मिला राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान
भाजपा नेताओं का कहना है कि यह नियुक्ति केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे झारखंड, कोल्हान क्षेत्र और देश के आदिवासी समाज का गौरव है। पार्टी के अनुसार, पश्चिमी सिंहभूम जैसे चुनौतीपूर्ण राजनीतिक माहौल में—जहां वर्तमान में अधिकांश सांसद और विधायक झामुमो और कांग्रेस के हैं।भाजपा ने पहले गीता बलमुचू को जिला अध्यक्ष बनाकर उनके नेतृत्व पर भरोसा जताया था और अब केंद्र सरकार ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर यह बड़ी जिम्मेदारी दी है। यह निर्णय साबित करता है कि मोदी सरकार आदिवासी समाज को केवल विकास योजनाओं से ही नहीं जोड़ रही, बल्कि देश के बड़े नीति-निर्माता मंचों पर भी उनकी भागीदारी सुनिश्चित कर रही है।
नगर परिषद अध्यक्ष से लेकर विधानसभा प्रत्याशी तक का सफर
गीता बलमुचू का राजनीतिक सफर संगठन और जनसेवा के प्रति समर्पित रहा हैं। उन्होंने चाईबासा नगर परिषद की अध्यक्ष के रूप में 5 वर्षों तक शहर के विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। पार्टी ने उनकी लोकप्रियता को देखते हुए साल 2024 के विधानसभा चुनाव में उन्हें 52-चाईबासा सीट से अपना प्रत्याशी बनाया था। उन्होंने भाजपा में विभिन्न पदों पर रहते हुए संगठन को मजबूती दी। अपनी सरल, सहज और मृदुभाषी शैली के कारण वे कार्यकर्ताओं और आम जनता के बीच काफी लोकप्रिय हैं।
ओडिशा मिनरल्स डेवलपमेंट कंपनी (OMDC) देश के खनन क्षेत्र का एक बेहद महत्वपूर्ण उपक्रम है। स्वतंत्र निदेशक के रूप में गीता बलमुचू कंपनी के नीतिगत निर्णयों, पारदर्शिता और जनहित के कार्यों और पर्यावरणीय एवं सामाजिक दायित्वों (CSR) के निर्वहन में मुख्य भूमिका निभाएंगी। खनिज संपदा से समृद्ध इस आदिवासी क्षेत्र की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व मिलने से स्थानीय विकास को एक नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
युवाओं और महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत
भाजपा ने इस फैसले को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संकल्प की जमीनी हकीकत बताया है। पार्टी का मानना है कि गीता बलमुचू की यह नियुक्ति देश के आदिवासी युवाओं और महिलाओं के लिए एक बड़ा प्रेरणास्रोत साबित होगी। जिला भाजपा ने विश्वास जताया है कि वे अपनी कार्यकुशलता, ईमानदारी और लंबे प्रशासनिक व राजनीतिक अनुभव से इस पद की गरिमा बढ़ाएंगी और झारखंड का नाम रोशन करेंगी।
Read Also- परसुडीह में अपहरण और जानलेवा हमले का मामला गरमाया, पीड़ित पक्ष ने कार्रवाई में देरी का लगाया आरोप

