
रांची: यदि आप वाहन से निकल रहे हैं तो शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में हुए बदलाव को जरूर जान लें। जगन्नाथपुर रथयात्रा और ऐतिहासिक मेले को देखते हुए रांची पुलिस ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। नई व्यवस्था 16 से 25 जुलाई तक लागू रहेगी। मेले में जाने से पहले नया ट्रैफिक प्लान की जानकारी जरूर ले लें। मेले के दौरान किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए ट्रैफिक नियमों का पालन जरूर करें।
मेले में आने वाली भीड़ को को देखते हुए जिला प्रशासन ने अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए खास पार्किंग स्थल बनाए हैं। यदि आप बिरसा चौक की ओर से मेले में आ रहे हैं, तो आपको गाड़ी शहीद मैदान में पार्क करनी होगी। तुपुदाना, हटिया और धुर्वा की तरफ से आने वाले लोगों के लिए प्रभात तारा मैदान को पार्किंग जोन बनाया गया है।
रिंग रोड की तरफ से आने वाली भारी और हल्की गाड़ियां तिरिल मोड़, नॉर्थ गेट, प्रभात तारा मैदान और शालीमार बाजार होते हुए आगे जा सकेंगी। इसके अलावा तिरिल मोड़ के पास बने हेलिपैड में भी पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
इन मार्गों पर वाहनों की रहेगी नो-एंट्री
सुरक्षा और जाम से बचने के लिए कुछ मार्गों पर हर तरह की गाड़ियों कार, ऑटो, बाइक की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी।
तिरिल मोड़ से मौसीबाड़ी गोलचक्कर तक।
शहीद मैदान से मौसीबाड़ी गोलचक्कर तक।
प्रभात तारा मैदान के शुरुआत से लेकर जगन्नाथपुर बाजार तक।
बदले हुए रूट जिसमें चलेंगी गाड़ियां
बिरसा चौक से रिंग रोड जाने के लिए गाड़ियों को सिंह मोड़, चांदनी चौक, धुर्वा गोलचक्कर और वीर कुंवर सिंह चौक की तरफ से डायवर्ट किया जाएगा।
एचईसी और विधानसभा की तरफ से जो गाड़ियां इस क्षेत्र से रिंग रोड जाना चाहती हैं, उनके लिए भी प्रशासन ने वैकल्पिक रास्तों का इंतजाम किया है।

