Palamu (Jharkhand) : झारखंड के पलामू जिले में छतरपुर थाना पुलिस ने ट्रक और हाईवा से बैटरी चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है और दो विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया है। आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न कंपनियों की कुल 20 बैटरियां बरामद की गई हैं।
पिछले कई दिनों से छतरपुर थाना क्षेत्र में ट्रकों और भारी वाहनों से बैटरी चोरी की घटनाएं लगातार हो रही थीं, जिससे वाहन मालिक और चालक काफी परेशान थे। इस बढ़ती समस्या को देखते हुए, पुलिस अधीक्षक पलामू ने त्वरित जांच के निर्देश दिए थे।
स्पेशल टीम ने तकनीकी मदद से पकड़ा
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर छतरपुर एसडीपीओ अवध यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने तकनीकी इनपुट और गुप्त सूचना के आधार पर अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की। इसी दौरान पुलिस ने चोरी में शामिल युवक और दो नाबालिगों को पकड़ लिया।
बिहार के औरंगाबाद का निवासी है आरोपी
सदर एसडीपीओ अवध यादव ने शनिवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र के सिमरी खुर्द गांव निवासी अनिल सिंह (29 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान अनिल सिंह की निशानदेही पर चोरी की गई बैटरियां बरामद हुईं।
इसके अलावा, दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया है, जो गिरोह के साथ मिलकर इन वारदातों को अंजाम देते थे। इस अभियान में थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद, सब-इंस्पेक्टर राहुल कुमार, अनिल कुमार और राजीव कुमार सहित छतरपुर थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

