पलामू : झारखंड के पलामू जिले में शनिवार को बड़ी वारदात हो गई। पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत जोबला गांव में देर रात लूटपाट के दौरान विरोध करने पर एक अधेड़ को लुटेरों ने गोली मार दी। गोली से अधेड़ व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान जोबला गांव निवासी बैजनाथ सिंह (50) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजन उसे आनन-फानन पांकी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डाॅक्टरों ने मरीज की स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज-अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल वहां अधेड़ व्यक्ति का इलाज जारी है।
बताया जाता है कि बैजनाथ सिंह शनिवार को रात में अपनी पत्नी के साथ घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान चार नकाबपोश अपराधी वहां पहुंच गए और लूटपाट करने लगे। जब बैजनाथ सिंह ने इसका विरोध किया, तो अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। गोली बैजनाथ सिंह की जांघ में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पांकी थाना की पुलिस और अस्पताल पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
Read Also: Indian Railway: डालटनगंज-गढ़वा रोड से मुंबई के लिए सीधी रेल सेवा, 07 अप्रैल से चलेगी साप्ताहिक ट्रेन

