Palamu: बिहार-झारखंड सीमावर्ती इलाके में पुलिस ने हथियार के बल पर लूटपाट की तैयारी कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार कर एक बड़ी वारदात टाल दी। हुसैनाबाद पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को देसी कट्टा और गोलियों के साथ पकड़ा।मंगलवार को एसडीपीओ एस. मो. याकूब ने बताया कि सोमवार शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि मानखाप गांव की ओर से दरुआ मोड़ होते हुए दो युवक हथियार के साथ जपला की तरफ बढ़ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और दरुआ मोड़ के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।
रात करीब 7:20 बजे बिना नंबर प्लेट की काले रंग की बाइक पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे भागने लगे। पुलिस बल की तत्परता से पीछा कर दोनों को पकड़ लिया गया।पकड़े गए युवकों की पहचान हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के मानखाप गांव निवासी अभिषेक कुमार (19) और नितिश कुमार चंद्रवंशी (18) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान अभिषेक कुमार के पास से एक देसी कट्टा और दो गोली बरामद की गई।
इसके अलावा दोनों के पास से मोबाइल फोन और बिना नंबर प्लेट की बाइक भी जब्त की गई। पुलिस के अनुसार, अभिषेक कुमार पिछले वर्ष सड़क लूट के एक मामले में जेल जा चुका है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि दोनों किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस ने दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जब्त मोटरसाइकिल के मालिक का पता लगाया जा रहा है।

