पलामू : जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्पाद विभाग की टीम ने 18,880 लीटर अवैध स्प्रिट जब्त की है। यह छापेमारी पिपरा थाना क्षेत्र के भीतिया गांव में की गई। इस मामले में 2 लोगों की गिरफ्तारी भी हुई है। उन दोनों आरोपियों के नाम लव कुमार चंद्रवंशी और प्रमोद कुमार हैं। यहां बता दें कि झारखंड और पड़ोसी राज्य बिहार में समय-समय पर नकली शराब से जुड़ी घटनाएं सामने आती रहती हैं। कई बार जनहानि की आशंका भी बनी रहती है। ऐसे में बड़ी मात्रा में स्प्रिट की बरामदगी को प्रशासन की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।


अधीक्षक उत्पाद का क्या कहना है
अधीक्षक उत्पाद सुजीत कुमार ने शनिवार को अपने कार्यालय में पत्रकारों को बताया कि उनके पास एक गुप्त सूचना आई थी कि दो लोगों के घर में शराब बनाने के लिए स्प्रिट रखी गई है। उसके बाद तुरंत छापेमारी कर दी गई। जब्त स्प्रिट की कीमत करीब 13 लाख 21 हजार 600 रुपये हैं।
इस राज्य में सप्लाई करने की हो रही थी योजना
उन्होंने बताया कि जब्त स्प्रिट को बिहार में नकली शराब निर्माण के लिए सप्लाई किए जाने की तैयारी थी ।
इस गांव में की गई छापेमारी
उत्पाद विभाग की टीम ने भीतिया गांव के रहने वाले दोनों आरोपियों के घर में छापेमारी की। इस दौरान घर की गौशाला से स्प्रिट बरामद की गयी। इस स्प्रिट को कई गैलेन में रखा गया था ताकि किसी को शक भी न हो और आसानी के साथ इसे पड़ोसी राज्य बिहार भेज दिया जाए। उन्होंने बताया कि इस मामले को दूसरे एंगल से भी जांच की जा रही है कि कही इन स्प्रिट के गैलन को पलामू के नगर निकाय चुनाव के दौरान अवैध रूप से खपाने की योजना तो नहीं थी।
नेटवर्क की जांच जारी
दोनों आरोपियों से प्रारंभिक पूछताछ में यह हाथ लगा है कि इस काम में कोई बड़ा गिरोह शामिल है। अब उनसे पूछताछ करके उस गिरोह तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी।
Read Also- RANCHI NEWS: पीएम श्री जवाहर नवोदय स्कूल मेसरा में खुला आर्चरी एरेना, जानें क्या होगा फायदा

