पलामू : झारखंड के पलामू जिला स्थित तरहसी थाना क्षेत्र के उदयपुरा वन पंचायत अंतर्गत नवाडीह गांव में मंगलवार शाम से लापता किशोरी की लाश मिली है। 15 वर्षीय किशोरी रेशम कुमारी, संजय साव की बेटी थी। उसका शव गांव के पास वाले एक सरकारी कुएं से बरामद किया गया। परिजनों के अनुसार, रेशम मंगलवार को शाम करीब चार बजे घर से अचानक लापता हो गई थी। देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रात भर सभी संभावित स्थानों पर खोजबीन के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार को सुबह में ग्रामीणों ने घर से करीब 100 मीटर दूर एक कुएं में शव उतराया हुआ देखा, तो सन्न रह गए।

गौर से देखने पर वह शव रेशम कुमारी का निकला। इसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरा गांव शोक में डूब गया गया। सूचना मिलने पर तरहसी के थाना प्रभारी आनंद राम भी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच भेज दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि शव पर किसी प्रकार के स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस प्रेम-प्रसंग समेत सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ जारी है।
मां को हत्या का अंदेशा
मृत किशोरी की मां संपूर्णा देवी ने हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी का एक युवक के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था, जिसे लेकर पहले भी विवाद हुआ था। परिजनों का आरोप है कि इसी कारण उसकी हत्या कर शव को कुएं में फेंका गया है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद नवाडीह गांव में शोक के साथ-साथ भय का भी माहौल देखने को मिल रहा है। ग्रामीण सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है।

