Ranchi : झारखंड की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्रि दीपिका पांडेय सिंह ने स्पष्ट किया है कि राज्य में पंचायत चुनाव निर्धारित समय पर ही कराए जाएंगे और इसमें किसी प्रकार की देरी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि विभाग सभी आवश्यक तैयारियों में पूरी सक्रियता और प्रतिबद्धता के साथ जुटा हुआ है।
विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए मंत्री ने कहा कि पंचायत चुनाव लोकतंत्र की नींव को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं, इसलिए इसकी समयबद्धता सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि चुनाव से जुड़ी सभी प्रक्रियाएँ तय समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं, ताकि किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इस विषय को गंभीरता से उठाया है और विधानसभा में मजबूती के साथ रखा है। राज्य सरकार द्वारा 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जा चुका है, जिस पर सकारात्मक आश्वासन प्राप्त हुआ है।
उन्होंने कहा कि अगले वर्ष होने वाले पंचायत चुनाव 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण लागू करते हुए ही कराए जाएंगे। इसके लिए ओबीसी आयोग और राज्य चुनाव आयोग से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
मंत्री ने कहा कि सरकार सामाजिक न्याय, पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि पंचायत चुनाव समय पर और सुचारु रूप से संपन्न हों।

