पलामू : झारखंड में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। पलामू जिले के मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अफीम तस्करी के एक नेटवर्क का खुलासा करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपितों के पास से कुल 1.263 किलोग्राम अवैध अफीम और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
डालटनगंज रेलवे स्टेशन के पास छापेमारी
पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के आसपास कुछ लोग मादक पदार्थों की बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर सदर डीएसपी राजीव रंजन के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने डालटनगंज रेलवे स्टेशन के समीप गांधी मैदान के पास स्थित यात्री शेड के पास छापेमारी की, जहां से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया।
आरोपितों के पास से अफीम और मोबाइल बरामद
तलाशी के दौरान मुकेश कुमार रजक के पास से 470 ग्राम अफीम और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। वहीं सत्यदेव यादव के पास से 793 ग्राम अफीम और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। इस प्रकार कुल 1.263 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की गई। दोनों आरोपित चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र अंतर्गत रिमी रामपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
पहले भी NDPS केस में जा चुका है एक आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सत्यदेव यादव पहले भी मादक पदार्थों के मामले में जेल जा चुका है। वह एक वर्ष पूर्व जालंधर जिले के आदमपुर थाना क्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले में गिरफ्तार हुआ था।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

