पलामू : झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत पांकी थाना क्षेत्र के ठेकही अंदाग गांव में छोटे भाई ने शराब के नशे में अपने ही बड़े भाई की टांगी से काटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मृतक पिंटू भुईयां चार भाइयों में से एक था। सबसे बड़े भाई के बेटे की सगाई के अवसर पर सभी भाई एकत्रित हुए थे। इस दौरान सभी ने शराब का सेवन किया। इसी बीच किसी बात को लेकर पिंटू भुईयां और उसके छोटे भाई सीटू भुईयां के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि सीटू ने टांगी से पिंटू पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए पांकी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज-अस्पताल रेफर किया गय, लेकिन वहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजन शव को अस्पताल से लेकर गांव चले गए और अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे। इसी बीच सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पांकी के थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि शराब के नशे में दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें यह घटना हुई। आरोपी छोटा भाई फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। बताया जाता है कि दोनों भाई बाहर ईंट-भट्ठा में मजदूरी करते थे।

