Home » Palamu News: गणतंत्र दिवस पर वर्दी पहन पत्नी संग थाना प्रभारी ने किया डांस, वीडियो वायरल होने के बाद विभागीय जांच शुरू

Palamu News: गणतंत्र दिवस पर वर्दी पहन पत्नी संग थाना प्रभारी ने किया डांस, वीडियो वायरल होने के बाद विभागीय जांच शुरू

by Mujtaba Haider Rizvi
Palamu Police Officer Dance Controversy
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Palamu : गणतंत्र दिवस जैसे गरिमामय अवसर पर थाना परिसर में वर्दी पहनकर डांस रील बनाना हुसैनाबाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सोनू चौधरी को महंगा पड़ता नजर आ रहा है। पत्नी के साथ डांस करते हुए बनाया गया उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

वायरल वीडियो में इंस्पेक्टर सोनू चौधरी थाना परिसर में पुलिस वर्दी में नजर आ रहे हैं। वे अपनी पत्नी के साथ डांस करते हुए उन्हें टोपी पहनाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद आम लोगों के साथ-साथ पुलिस महकमे में भी वर्दी की मर्यादा और अनुशासन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इसे लेकर सोशल मीडिया पर भी तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए हुसैनाबाद के एसडीपीओ मोहम्मद याकूब के नेतृत्व में विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। पलामू की एसपी रीष्मा रमेशन ने भी पुष्टि करते हुए कहा है कि पूरे मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने पर इंस्पेक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बताया जाता है कि इंस्पेक्टर सोनू चौधरी पिछले कुछ महीनों से हुसैनाबाद थाना प्रभारी के पद पर तैनात हैं। इससे पहले वे चैनपुर थाने में पदस्थापित रह चुके हैं। वे वर्ष 2012 बैच के सब-इंस्पेक्टर थे और 2024 में पदोन्नति पाकर इंस्पेक्टर बने हैं। हुसैनाबाद इलाका बिहार सीमा से सटा सोन नदी का क्षेत्र है और नक्सल व आपराधिक गतिविधियों के कारण संवेदनशील माना जाता है। ऐसे में थाना परिसर में इस तरह का वीडियो सामने आने से विभाग की छवि पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

अब सबकी नजर विभागीय जांच रिपोर्ट पर टिकी है कि वर्दी की गरिमा से जुड़े इस मामले में क्या कार्रवाई होती है।

Read Also: Chaibasa News : जिले में 24 घंटे में अलग-अलग सड़क हादसे में 6 की मौत, NH-75E बनी खतरनाक

Related Articles