Jamshedpur : पटमदा थाना क्षेत्र के मथुरापुरी जंगल में युवक का शव पेड़ से लटका मिला था। बरामद शव की पहचान मंगलवार को सुबह कर ली गई है। सोमवार रात को शव मिलने की जानकारी परिजनों तक पहुंची थी। मृतक कमलपुर थाना क्षेत्र के बांगुड़दा गांव का कान्हाई महतो (35 वर्ष) है।
स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता गोपाल महतो ने बताया कि कान्हाई महतो मानसिक रूप से बीमार रहता था और काटिन बाजार स्थित एक गल्ला दुकान में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। बीते बुधवार को वह सुबह शौच के लिए निकला था और फिर वापस नहीं लौटा। रिश्तेदारों व आसपास के इलाकों में खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका।
कान्हाई अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ रहता था। माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। उसकी तीन बेटियों में से बड़ी बेटी की शादी बनकुचिया गांव में हुई है।
सूत्रों के अनुसार, बुधवार को माचा स्थित सीएचसी अस्पताल के पास कुछ चरवाहों ने उसे जंगल की ओर जाते हुए देखा था। पूछने पर उसने कोई जवाब नहीं दिया और तेज़ी से जंगल के भीतर चला गया। पुलिस का कहना है कि बाद में उसने जंगल में एक पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
चरवाहों की सूचना पर पुलिस रविवार को मथुरापुरी जंगल पहुंची और शव को बरामद कर एमजीएम मेडिकल कॉलेज के शीतगृह में रखवाया गया था। मंगलवार को परिवार ने पहुंचकर उसकी पहचान की।

