Ramgarh : रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र अंतर्गत पालू जंगल मोड़ के समीप शुक्रवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। हादसे में सीसीएल खलारी परियोजना में कार्यरत महावीर नायक (45) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनका 17 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार नायक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, महावीर नायक अपने पुत्र के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे। इसी दौरान पालू जंगल के पास स्थित एक तीखे मोड़ पर सामने से आ रही स्कॉर्पियो से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि महावीर नायक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनका पुत्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पतरातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू की। स्थानीय लोगों की मदद से 108 एंबुलेंस बुलाकर घायल युवक को पतरातू प्रखंड अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर थाना ले जाया गया है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि पालू जंगल के पास स्थित यह मोड़ अत्यंत तीखा और दुर्घटना-संवेदनशील है। यहां पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक स्थायी सुरक्षा उपाय नहीं किए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि इस स्थान पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक और रिफ्लेक्टर लगाए जाएं, तो इस तरह की घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि उक्त मोड़ पर तत्काल सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में जानलेवा दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
Also Read: Tatanagar-Railway-News : टाटानगर से जुड़ी कई मेमू और एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द, कइयों का समय बदला

