Jamshedpur : उप नगर आयुक्त के निर्देश पर शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। पी एंड एम मॉल के सामने के क्षेत्र को ‘नो पार्किंग ज़ोन’ घोषित कर दिया गया है। यहां अनधिकृत और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण बार-बार जाम की हालत पैदा हो रही थी। इससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।
इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए पी एंड एम मॉल के पार्किंग गेट के बगल में एक नया वैकल्पिक पार्किंग स्थल विकसित किया गया है। यहां वाहन चालक सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से अपने वाहन खड़े कर सकेंगे।
उप नगर आयुक्त ने अधिकारियों और राजस्व निरीक्षकों की एक विशेष टीम को निर्देश दिया है कि नो पार्किंग ज़ोन के आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराएं। निर्धारित क्षेत्र में वाहन खड़े पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों में ही पार्क करें, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहे।
Read Also: झारखंड नगर निकाय चुनाव : दो से अधिक बच्चे वाले नहीं लड़ सकेंगे चुनाव, आयोग ने जारी किए सख्त निर्देश

