Home » PM Modi : PM मोदी का बिहार से विपक्ष पर तीखा हमला- ‘सामाजिक न्याय के नाम पर झूठ बोल रहे हैं राजद-कांग्रेस वाले’

PM Modi : PM मोदी का बिहार से विपक्ष पर तीखा हमला- ‘सामाजिक न्याय के नाम पर झूठ बोल रहे हैं राजद-कांग्रेस वाले’

बिहारवासियों को लगभग 48,500 करोड़ रुपये की 200 से अधिक परियोजनाओं की सौगात। रोहतास से दी पाकिस्तान को फिर ललकार।

by Rakesh Pandey
PM-modi-bihar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रोहतास/बिक्रमगंज: दो दिवसीय बिहार दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को बिक्रमगंज से विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए राजद और कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि “इन लोगों ने दशकों तक बिहार को ठगा और अब सामाजिक न्याय के नाम पर झूठ बोल रहे हैं।” साथ ही उन्होंने पाकिस्तान और आतंकवाद को लेकर भी दो टूक लहजे में कहा कि “भारत अब नया है, दुश्मन को बिल से खींचकर कुचल देंगे।”

48500 करोड़ की विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण

प्रधानमंत्री ने बिहारवासियों को लगभग 48,500 करोड़ रुपये की 200 से अधिक परियोजनाओं की सौगात दी। इसमें सड़क, रेल, पुल, ऊर्जा और बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने सीएम नीतीश कुमार की उपस्थिति में कहा कि “यह विकास की रफ्तार, बिहार को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

राजद-कांग्रेस पर हमला: “सामाजिक न्याय की आड़ में छल”

पीएम मोदी ने कहा कि जिन्होंने बिहार को पलायन, अपराध और बेरोजगारी दी, वही आज सामाजिक न्याय की बात कर रहे हैं। गरीबों, दलितों, पिछड़ों को दशकों तक शौचालय, पक्का घर और बैंक खाता तक नहीं मिला। ये है उनका तथाकथित सामाजिक न्याय! उन्होंने कहा कि राजद-कांग्रेस ने सिर्फ वोट बैंक की राजनीति की और गरीबी को राजनीतिक हथियार बना लिया।

लालू परिवार पर निशाना: “जमीन लेकर नौकरी देने वालों से सतर्क रहें”

रेलवे भर्ती घोटाले का ज़िक्र करते हुए पीएम ने कहा कि जिन्हें आपने विकास की जिम्मेदारी दी, उन्होंने गरीबों से उनकी जमीनें लिखवा लीं। रेलवे में नौकरी देने के नाम पर लोगों को लूटा। यही इनका सामाजिक न्याय था—गरीबों की जमीन लेकर अपने परिवार की रईसी।

नक्सलवाद पर प्रहार: “अब सिर्फ 18 जिले प्रभावित”

उन्होंने आगे कहा कि 2014 से पहले बिहार के कई जिले नक्सल प्रभावित थे, लेकिन अब यह संख्या देशभर में घटकर 18 रह गई है। हमारी सरकार नक्सलियों को मुख्यधारा में लाने के साथ-साथ उनका निर्णायक खात्मा भी कर रही है।”

“ऑपरेशन सिंदूर” का ज़िक्र, पाकिस्तान को चेतावनी

प्रधानमंत्री ने देश की सुरक्षा का हवाला देते हुए कहा भारत की बेटियों के सिंदूर की ताकत क्या होती है, यह पाकिस्तान ने देखा है। अगर आतंक का फन फिर उठा, तो भारत उसे बिल से खींचकर कुचलेगा। हमारी लड़ाई देश के हर दुश्मन से है, चाहे वह सीमा पार हो या सीमा के भीतर। उन्होंने शहीद बीएसएफ जवान इम्तियाज को नमन किया और कहा कि यह नया भारत आतंक के आकाओं को उनके घर में घुसकर जवाब देगा।

“यह नया भारत है” – आत्मविश्वास से भरा संदेश

प्रधानमंत्री ने कहा कि मैंने बिहार की धरती से वादा किया था कि आतंक के आकाओं को उनके अंजाम तक पहुंचाया जाएगा। आज मैं उस वादे को पूरा करके आपके बीच आया हूं। ये है नया भारत।

भविष्य की योजना और विकास का संकल्प

पीएम मोदी ने बताया कि हमारा लक्ष्य है- विकसित बिहार। जब बिहार आगे बढ़ता है, तब भारत दुनिया में शिखर पर पहुंचता है। यही बाबा साहब, कर्पूरी ठाकुर, जेपी और जगजीवन राम के सपनों का बिहार होगा। उन्होंने चार करोड़ मकान, तीन करोड़ महिलाओं को लखपति, मुफ्त इलाज और हर घर राशन जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार लाभार्थियों के दरवाजे तक खुद पहुंच रही है, जिससे भ्रष्टाचार और भेदभाव की कोई गुंजाइश नहीं रहती।

Read Also- Punjab News : पंजाब की पटाखा फैक्ट्री में बड़ा हादसा, विस्फोट में 4 की मौत, 27 घायल

Related Articles