Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका के तुड़ी मौजा में सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ मंगलवार को प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई अंचलाधिकारी निकिता बाला के निर्देश पर की गई। तुड़ी मौजा में ठेकेदार रंजीत मिश्रा, मनोज कुमार सिंह और जमशेदपुर रिसोर्सेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य किया जा रहा था।
मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने जेपीएलई (झारखंड पब्लिक लैंड एंक्रोचमेंट ऐक्ट) के तहत केस दर्ज कर संबंधित पक्षों को निर्धारित समय सीमा में अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया था। बावजूद इसके, समय सीमा समाप्त होने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए कार्रवाई का निर्णय लिया। मौके पर सीआई हेमंत कुमार और राजस्व कर्मचारी शांति राम षाड़ंगी को दंडाधिकारी नियुक्त किया गया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पूरे क्षेत्र को खाली कराया गया।
प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर संबंधित लोगों द्वारा किए गए अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई गई। अंचलाधिकारी निकिता बाला ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में जहां भी अतिक्रमण की सूचना मिलेगी, वहां इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी अतिक्रमणकारियों को पहले ही नोटिस देकर पर्याप्त समय दिया गया था, लेकिन निर्देशों की अनदेखी के कारण यह कार्रवाई करनी पड़ी।

